विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान में जेजेपी की एंट्री, सीकर में मनाएगी ताऊ देवीलाल की जयंती

By Anurag AggarwaEdited By: MOHAMMAD AQIB KHAN
Published: Tue, 15 Aug 2023 08:33 PM (IST)

हरियाणा और दिल्ली के बाद राजस्थान में भी जननायक जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। जयपुर में ...और पढ़ें

हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान में जेजेपी की एंट्री, सीकर में मनाएगी ताऊ देवीलाल की जयंती : जागरण
हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान में जेजेपी की एंट्री, सीकर में मनाएगी ताऊ देवीलाल की जयंती : जागरण

चंडीगढ़, राज्य ब्यूरो: हरियाणा और दिल्ली के बाद राजस्थान में भी जननायक जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। राजस्थान के जयपुर में प्रदेश कार्यालय की शुरुआत करते हुए जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला और उनके बेटे जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का भरोसा दिलाया है। जेजेपी की निगाह महिलाओं को पार्टी के साथ जोड़ने पर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान की महिलाओं को राशन डिपो के आवंटन में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

जयपुर में पार्टी कार्यालय की शुरुआत करते हुए जेजेपी ने संगठन के विस्तार पर ध्यान दिया है। सीकर से पूर्व जिला परिषद चेयरपर्सन एवं दातारामगढ़ से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र सिंह की धर्मपत्नी रीटा सिंह ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की। जयपुर में अजय चौटाला ने रीटा सिंह को जेजेपी का पटका पहनाकर विधिवत रूप से पार्टी में शामिल किया और कहा कि उनके आने से पार्टी को राजस्थान में मजबूती मिलेगी। रीटा सिंह दातारामगढ़ से दो बार पंचायत समिति मेंबर रह चुकी है। वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सात बार विधायक रहे एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह चौधरी की पुत्रवधु हैं।

जेजेपी अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला ने रीटा सिंह को राजस्थान में जेजेपी महिला प्रकोष्ठ की कमान सौंपते हुए उन्हें महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रीटा की अगुवाई में पार्टी महिलाओं की आवाज बुलंद करेगी तथा महिलाओं के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ प्रदेश में उठाया जाएगा। अजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी की सोच है कि हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान की महिलाओं के लिए पंचायती राज संस्थाओं और राशन डिपो में भागीदारी बढ़ाई जाए। जेजेपी 25 सितंबर को राजस्थान के सीकर में ही ताऊ देवीलाल की जयंती मनाएगी। इसके लिए सीकर में राज्य स्तरीय रैली की तैयारियां की जा रही हैं।

राजस्थान कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

अजय सिंह चौटाला ने कहा कि राजस्थान में नए मेहनती साथियों के पार्टी के साथ जुड़ने से जेजेपी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने राजस्थान की मौजूदा कांग्रेस की प्रदेश सरकार पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस राजस्थान की जनता को लूटने का काम कर रही है। कांग्रेस की सरकार में ना महिलाएं सुरक्षित हैं, ना किसानों के हित में कोई ध्यान दिया गया, कमेरे वर्ग के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

युवाओं के लिए 75 प्रतिशत रोजगार कानून लागू करने का वादा

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रोज नई-नई घोषणाएं कर रहे हैं। जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि ऐसे लुटेरे लोगों को सत्ता से दूर करना जेजेपी का मकसद है। जेजेपी राजस्थान में जननायक चौ. देवीलाल की जनहितैषी नीतियों पर चलते हुए प्रदेश हित में काम करना चाहती है। चौटाला ने कहा कि हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान के युवाओं के लिए 75 प्रतिशत रोजगार कानून लागू किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।