कॉमनवेल्थ खेलों के पदक विजेताओं पर धन वर्षा करेगी नायब सरकार, खिलाड़ियों की झोली में आएंगे 13 करोड़ से अधिक के पुरस्कार
हरियाणा सरकार 7 अगस्त को पंचकूला में कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को 13.47 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित करेगी। ...और पढ़ें

कॉमनवेल्थ खेलों के पदक विजेताओं पर धन वर्षा करेगी नायब सरकार। फोटो जागरण
HighLights
7 अगस्त को पंचकूला में होगा सम्मान समारोह।
खिलाड़ियों को 13.47 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे खिलाड़ियों का सम्मान।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में हरियाणा का परचम बुलंद करने वाले खिलाड़ियों का राज्य सरकार सात अगस्त को भव्य सम्मान करेगी। पंचकूला के सेक्टर-तीन स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि खिलाड़ियों को 13.47 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि यह सम्मान समारोह प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को नमन करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने का भी बड़ा संदेश देगा।
खेल राज्य मंत्री के अनुसार ग्लासगो (स्काटलैंड) में आयोजित कामनवेल्थ गेम्स-2026 में हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर देश का गौरव बढ़ाया। प्रदेश के 10 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जिनमें सात स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत इन खिलाड़ियों को कुल 13.47 करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
ये है इनाम की राशि
गौरव गौतम ने बताया कि स्वर्ण पदक जीतने वाले सातों खिलाड़ियों को 1.50-1.50 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता दो खिलाड़ियों को 75-75 लाख रुपये तथा कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले 13 प्रतिभागी खिलाड़ियों का भी मनोबल बढ़ाने के लिए 7.50-7.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रमंडल खेलों के पदकवीरों का स्वागत, हरियाणा के खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान; CM नायब सैनी करेंगे सम्मानित
खेल राज्य मंत्री के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को जमीनी स्तर पर हरसंभव सहयोग देना है ताकि वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्भीक होकर भाग लें और देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतें।
खबरें और भी
बता दें कि स्काटलैंड से लौटने के बाद खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने स्वयं दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचकर कामनवेल्थ के पदक विजेता खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया था।