Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा BJP की नई टीम के साथ CM नायब सैनी की बैठक, सेट किया एजेंडा; दिए कई अहम निर्देश

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 05:49 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा भाजपा की नई टीम के साथ बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण और संगठन को मजबूत करने का एजेंडा तय किया। ...और पढ़ें

    हरियाणा BJP की नई टीम के साथ CM नायब सैनी की बैठक। फोटो जागरण

    हरियाणा BJP की नई टीम के साथ CM नायब सैनी की बैठक। फोटो जागरण

    HighLights

    1. पात्र मतदाता सूची में हों, अपात्र बाहर रहें।

    2. संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और सशक्त बनाएं।

    3. जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा की नई प्रदेश टीम के साथ पहली औपचारिक बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संगठन के लिए स्पष्ट राजनीतिक और संगठनात्मक एजेंडा तय कर दिया।

    मुख्यमंत्री ने प्रदेश पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआइआर) के दूसरे चरण में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट में शामिल होने से वंचित न रहे, जबकि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होना चाहिए।

    उन्होंने कहा कि जिन वास्तविक मतदाताओं के नाम कट गए हैं, उन्हें दोबारा जुड़वाने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो सके।

     रात्रिभोज का आयोजन

    सोमवार रात मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित बैठक में भाजपा प्रभारी डा. सतीश पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता और प्रांतीय संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने नई प्रदेश टीम के सभी पदाधिकारियों से परिचय किया और उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया।

    इससे पहले प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने पंचकूला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की पहली संगठनात्मक बैठक ली। मुख्यमंत्री ने प्रदेश पदाधिकारियों से कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें लाभ दिलाने के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया।

    यह भी पढ़ें- हरियाणा BJP की बदली पूरी टीम, 8 प्रदेश उपाध्यक्ष सहित 36 पदाधिकारियों की नियुक्ति; कुलदीप बिश्नोई पर फोकस, देखें लिस्ट

    जनसंपर्क अभियानों को गति देने पर विशेष बल

    संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश टीम का प्रत्येक सदस्य बूथ स्तर तक लगातार प्रवास करे और संगठन को अधिक सक्रिय व सशक्त बनाए। सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेवा गतिविधियां, सामाजिक समरसता और जनसंपर्क अभियानों को गति देने पर भी उन्होंने विशेष बल दिया।

    बैठक में आगामी तिरंगा यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्रा को भव्य और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए। इसके अलावा संत गुरु रविदास जी की जयंती के कार्यक्रमों को लेकर भी रणनीति बनाई गई।

    खबरें और भी

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी को पूरे हरियाणा के मंदिरों और धार्मिक स्थलों तक श्रद्धापूर्वक पहुंचाया जाए।

    बैठक में प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, गोपाल शर्मा और वेद फुल्ला, प्रदेश मंत्री अमरपाल राणा और रवि बतान, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल, अशोक गुर्जर, लतिका शर्मा और जवाहर सैनी, प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल और मुख्य प्रवक्ता डा. संजय शर्मा सहित अधिकतर प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती और भोपाल सिंह खदरी भी बैठक में शामिल हुए।