पंचकूला की रेहड़ी मार्केटों को मिलेगा आधुनिक स्वरूप, 278 दुकानदारों के लिए बहुमंजिला पक्के बूथ बनाने की तैयारी
पंचकूला की सेक्टर-7, 11 और 17 की रेहड़ी मार्केटों को आधुनिक स्वरूप मिलेगा, जहां 278 दुकानदारों के लिए बहुमंजिला पक्के बूथ बनाए जाएंगे। मेयर श्याम लाल ...और पढ़ें

बहुमंजिला पक्के बूथ बनाने की योजना पर गंभीरता से काम शुरू हो गया है।
HighLights
पंचकूला की तीन रेहड़ी मार्केटों का होगा आधुनिकीकरण।
मुख्यमंत्री से मिलकर मेयर योजना को आगे बढ़ाएंगे।
पक्के बूथ बनने से न केवल व्यापार को नई गति मिलेगी।
राजेश मलकानियां, पंचकूला। शहर की सेक्टर-7, सेक्टर-11 और सेक्टर-17 स्थित रेहड़ी मार्केटों के वर्षों पुराने इंतजार को अब जल्द ही विराम मिल सकता है। इन तीनों मार्केटों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए बहुमंजिला पक्के बूथ बनाने की योजना पर गंभीरता से काम शुरू हो गया है।
प्रस्ताव के अनुसार मौजूदा रेहड़ी मार्केटों की जगह बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल सहित आधुनिक व्यावसायिक परिसर विकसित किए जाएंगे, जिससे सभी पात्र दुकानदारों को व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रेहड़ी दुकानदारों की मांग को प्रमुखता से उठाएंगे।
हाल ही में रेहड़ी मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मेयर से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने दुकानदारों के सामने विस्तृत प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव को अधिकांश दुकानदारों ने सकारात्मक बताते हुए समर्थन दिया है।
ग्राउंड फ्लोर पर मौजूदा दुकानदारों को मिलेगा स्थान
प्रस्ताव के अनुसार वर्तमान में जमीन पर कारोबार कर रहे दुकानदारों को नई इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें आवंटित की जाएंगी, जबकि बेसमेंट और प्रथम तल पर अन्य पात्र दुकानदारों को समायोजित किया जाएगा।
दुकानदारों का मानना है कि पक्के बूथ बनने से न केवल व्यापार को नई गति मिलेगी बल्कि ग्राहकों को भी बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित खरीदारी का माहौल मिलेगा।
हालांकि कुछ दुकानदारों ने सुझाव दिया है कि बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर प्राथमिकता केवल वर्तमान दुकानदारों को ही दी जाए, ताकि उनके रोजगार और वर्षों से जुड़े ग्राहकों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
चार साल बाद भी दुकानदारों का इंतजार जारी
सितंबर 2022 में सेक्टर-9 रेहड़ी मार्केट में भीषण आग लगने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी रेहड़ी मार्केटों के दुकानदारों को परोपकारी नीति के तहत रियायती दरों पर पक्के बूथ उपलब्ध कराने की घोषणा की थी।
इस घोषणा के बाद सेक्टर-9 के 132 प्रभावित दुकानदारों को बूथ आवंटित कर दिए गए। लेकिन सेक्टर-7, सेक्टर-11 और सेक्टर-17 की रेहड़ी मार्केटों के करीब 278 दुकानदार आज भी अपने पक्के बूथ मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
इस दौरान सेक्टर-11 की मार्केट में तीन बार तथा सेक्टर-7 की मार्केट में दो बार आग लग चुकी है, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इसके बावजूद इन बाजारों का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया।
एचएसवीपी से रियायती दरों पर मिलेंगे बूथ
इन मार्केटों में अधिकांश दुकानदार टीन के शेड और अस्थायी चेंबर बनाकर वर्षों से कारोबार कर रहे हैं। इसके लिए वे नियमित रूप से एचएसवीपी को मासिक शुल्क भी जमा करते हैं। एचएसवीपी ने पहले ही इन दुकानदारों को रियायती दरों पर पक्के बूथ देने की योजना तैयार की थी। निर्धारित कीमत पर भी दुकानदारों को 20 प्रतिशत तक की छूट देने का प्रविधान रखा गया है।
खबरें और भी
| मार्केट | दुकानों की संख्या |
|---|---|
| सेक्टर-11 रेहड़ी मार्केट | लगभग 125 |
| सेक्टर-7 रेहड़ी मार्केट | लगभग 85 |
| सेक्टर-17 रेहड़ी मार्केट | लगभग 68 |
| कुल | 278 दुकानें |