पंचकूला को माॅडल सिटी बनाएगी हरियाणा सरकार, 575 करोड़ से बदलेगी तस्वीर; CM ने जांची विकास कार्यों की रिपोर्ट
हरियाणा सरकार पंचकूला को 575 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के साथ मॉडल सिटी बनाएगी, जिसमें सड़कों, सीवरेज, पार्कों और पेयजल व्यवस्था का विकास होगा। मुख्यम ...और पढ़ें

पंचकूल में रिचार्ज वेल, नए एसटीपी, सीसीटीवी, फाउंटेन पार्क और स्लम फ्री सिटी के रोडमैप पर मुख्यमंत्री की मुहर।
HighLights
575 करोड़ की परियोजनाओं से मॉडल सिटी बनेगा पंचकूला।
रिचार्ज वेल, एसटीपी, सीसीटीवी, स्लम-फ्री सिटी रोडमैप मंजूर।
सड़कों, सीवरेज, पार्कों, पेयजल व्यवस्था में सुधार पर जोर।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार पंचकूला को मॉडल सिटी बनाएगी। करीब 575 करोड़ की परियोजनाओं से शहर की तस्वीर बदलेगी। यहां सड़कों, सीवरेज, पार्कों, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था समयबद्ध ढंग से पूरी होगी। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद विकास कार्यों की रिपोर्ट जांची।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) की चौथी समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने रिचार्ज वेल, नए एसटीपी, सीसीटीवी, फाउंटेन पार्क और स्लम फ्री सिटी के रोडमैप पर मुहर लगाई।
सीएम ने कहा कि प्रत्येक पार्क में विशेषकर बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए रिचार्ज वेल लगाए जाएं। पार्कों में ट्रीटेड वाॅटर ही का प्रयोग किया जाए। पीएमडीए के सीईओ मकरंद पांडुरंग ने शहर के विकास की कार्ययोजना से अवगत करवाया।
पांडुरंग ने बताया कि 60 सड़कों में से 34 पर कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा एशिया के सबसे बड़े कैक्टस गार्डन और हर्बल पार्क का नवीनीकरण किया गया तथा मैंगो पार्क एमडीसी, सिटी पार्क और टोपियरी पार्क का नवीनीकरण कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पंचकूला को स्लम फ्री बनाने के लिए कार्य करें। इसके लिए जगह का चयन कर फ्लैट बनाने की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को उच्च स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सेक्टरों में सफाई, सीवरेज, सड़कें और पानी की सुविधाएं नगर निगम की देखरेख में दी जाएंगी। इसके अलावा पीएमडीए सेक्टरों को डिवाइड करने वाली सड़कों और स्टार्म वाटर का कार्य देखेगा।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी सफाई, सीवरेज, सड़कें एवं पेयजल संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। सफाई व्यवस्था के लिए एचएसवीपी की तीन सुपर सकर मशीनें नगर निगम को सुपुर्द कर दी जाएं और पीएमडीए द्वारा अपनी मशीनों की खरीद की जाए।
फाउंटेन पार्क होगा लेजर वैली गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पंचकूला में फाउंटेन पार्क को लेजर वैली गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित किया जाए ताकि यह बहुत सुंदर शहर बन सके। इसके सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि यह अन्य शहरों के लिए एक माॅडल के रूप में विकसित हो सके।
उन्होंने कहा कि दीवारों पर भव्य एवं शानदार वाल पेंटिंग की जाए तथा सभी चौराहों के सौंदर्यीकरण के साथ स्टार्म वाटर की निकासी के लिए भी प्रपोजल तैयार किया जाए।
लगेंगे उच्च क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए बेहतर कार्य योजना बनाई जाए ताकि शहर को सुरक्षा की दृष्टि से पूर्ण रूप से सुरक्षित बनाया जा सके। शूटिंग रेंज में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं।
मल्टीफीचर पार्क की जांच के आदेश
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंचकूला में सभी पार्कों में सुंदर पौधे लगाए जाएं और वाटर बाडी ठीक कर उनमें पानी भरा जाए। इसके अलावा शानदार फव्वारे लगाए जाएं तथा इनमें शौचालयों की व्यवस्था की जाए।
मल्टीफीचर पार्क की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि इस पर लगभग 22 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने इसकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
नालों का होगा सौंदर्यीकरण
मुख्यमंत्री को बैठक में जानकारी दी गई कि अटल पार्क का निर्माण कार्य 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। चिल्ड्रन पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए उपकरण लगाए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस विभाग पार्कों में नशा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलधारा योजना-2 के तहत शहर के बीच से गुजरने वाले 11 किलोमीटर लंबे नालों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इनमें राजीव इंदिरा कालोनी व नाला चौक सेक्टर-1 से औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 नाला शामिल है। इसके अलावा शहर में 5 नए एसटीपी लगाए जाएंगे। इनमें से तीन एसटीपी के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं तथा शेष पर कार्रवाई जारी है।
पिंजौर, कालका और मोरनी में नहीं होगी पानी की कमी
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि पिंजौर, कालका एवं मोरनी क्षेत्र में लोगों को निर्बाध रूप से पानी की सप्लाई करने के लिए जलघर बनाने के लिए भूमि का चयन किया जाए।
पंचकूला के सेक्टर-32 में बन रहे 24 एमएलडी क्षमता के जलघर में कौशल्या डैम से पाइपलाइन डालने का कार्य अगले माह तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा लगभग 575 करोड़ रुपए की लागत से 22 अन्य परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
बैठक में विधायक चंद्र मोहन, मेयर श्याम लाल बंसल, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, एसीएस राजा शेखर वुंडरू, एके सिंह, अनुराग अग्रवाल, आयुक्त एवं सचिव अशोक मीणा, आशिमा बराड़, उपायुक्त सतपाल शर्मा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता शामिल रहे।