हरियाणा में बत्ती नहीं होगी गुल, बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से निपटने के लिए प्लान B तैयार; अनिल विज ने दिए निर्देश
हरियाणा में 11-13 अगस्त को प्रस्तावित बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर निगमों ने वैकल्पिक इंतजाम शुरू कर दिए हैं। ...और पढ़ें
-1786279535133_m.webp)
बिजली मंत्री अनिल विज। फाइल फोटो
HighLights
बिजली कर्मचारियों की 11-13 अगस्त को प्रस्तावित हड़ताल।
निगमों ने अस्पतालों, ट्यूबवेल के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए।
बिजली मंत्री ने हड़ताल वापस लेने की अपील की।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में बिजली कर्मचारियों और अभियंताओं की 11 से 13 अगस्त की प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए बिजली निगमों ने वैकल्पिक इंतजाम शुरू कर दिए हैं। हड़ताल को टालने के लिए सरकार के प्रतिनिधि जहां लगातार बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों के संपर्क में हैं, वहीं सभी सर्किलों में अस्पतालों, जनस्वास्थ्य विभाग के ट्यूबवेल और अनिवार्य सेवाओं से जुड़े अन्य स्थानों पर पर्याप्त ईंधन के साथ जनरेटर चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली मंत्री अनिल विज ने कर्मचारियों से हड़ताल का आह्वान वापस लेने और जनहित में बिजली आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की वास्तविक मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा।
बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होने दी जाएगी
बातचीत के माध्यम से सभी लंबित मुद्दों का समाधान निकालने के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं। चूंकि वर्तमान में बिजली की मांग का पीक सीजन चल रहा है, ऐसे समय में बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान आम जनता, किसानों और अन्य उपभोक्ताओं के हित में नहीं है। इसलिए किसी भी परिस्थिति में बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डिस्काम के निजीकरण से संबंधित कोई भी प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है। निजी कंपनियों ने पैरेलल लाइसेंसिंग के संबंध में हरियाणा विद्युत नियामक आयोग में आवेदन किया है, जिसका बिजली वितरण निगमों ने विरोध किया है।
इस मामले में जनसुनवाई भी पूरी हो चुकी है। इसी तरह स्मार्ट मीटरिंग के टेंडर जारी करने से संबंधित एक फाइल प्रक्रियाधीन है, लेकिन इस पर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।