'तालाब में तैरकर दिखाएं खेल मंत्री, अस्पताल में भर्ती नहीं हुए तो...', विनेश फोगाट ने सदन में रखी तैराकों की व्यथा
जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने विधानसभा में राम राय गांव के तैराकों का मुद्दा उठाया। उन्होंने खेल मंत्री गौरव गौतम को गांव के प्रदूषित तालाब ...और पढ़ें
-1771931502064_m.webp)
ओलिंपियन विधायक ने उठाया राम राय गांव का उठाया मुद्दा (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। जुलाना से कांग्रेस विधायक व ओलिंपियन पहलवान विनेश फोगाट ने मंगलवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान अपने इलाके के खिलाड़ियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने राम राय गांव का मुद्दा उठाते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम को चुनौती दी कि वे एक बार इस तालाब में तैरकर दिखाएं। मैं गारंटी देती हूं कि वे अगले ही दिन अस्पताल में भर्ती हो जाएंगे। अगर ऐसा ना हो तो मैं यह सदन छोड़कर चली जाऊंगी।
विनेश फौगाट ने कहा कि गांव के 250 के करीब युवा ऐसे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के तैराक हैं। इन खिलाड़ियों को प्रेक्टिस के लिए सरकार को स्विमिंग पूल बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव के युवा तालाब में प्रेक्टिस करते हैं।
तालाब में पानी गंदा और प्रदूषित है। इस वजह से युवाओं में स्कीन से जुड़ी बीमारियां फैल रही हैं। उन्होंने कहा कि मैं खुद एक खिलाड़ी हूं, खिलाड़ियों की समस्याओं को समझती हूं, इसलिए यह बात उठा रही हूं।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि राम राय गांव से करीब 12 किमी दूर जींद के एक्लव्य स्टेडियम में ओलंपिक साइज का स्विमिंग पूल हैं। खिलाड़ी वहां जाकर प्रेक्टिस कर सकते हैं। इस पर फोगाट ने कहा कि खेल विभाग ने यह स्विमिंग पूल प्राइवेट एजेंसी को ठेके पर दिया हुआ है। संबंधित ठेकेदार युवाओं को प्रेक्टिस नहीं करने देता। इसकी एवज में पैसों की डिमांड की जाती है। स्पीकर के दखल के बाद खेल मंत्री ने कहा – अगर इस संदर्भ में कोई प्रस्ताव आएगा तो सरकार उस पर विचार करेगी।
विनेश फोगाट ने कहा कि राम राय गांव के लोगों ने स्विमिंग पूल के लिए दो एकड़ भूमि दान दी हुई है। इसके बाद भी सरकार स्विमिंग पूल नहीं बना रही। अगर गांव के इन युवाओं को मौका मिलेगा तो वे ओलिंपिक में भी पदक ला सकते हैं। उन्होंने सरकार के मिशन ओलिंपिक 2036 पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सुविधाएं ही नहीं होंगी तो खिलाड़ी प्रदर्शन कैसे करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के दखल के बाद जब खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि विधायक (विनेश फोगाट) प्रस्ताव दें तो फोगाट ने कहा कि मंत्री न तो मिलते हैं और न ही फोन उठाते हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि मेरे से तो रोज हजारों लोग मिलते हैं।
खबरें और भी
विनेश ने तुरंत कहा – इन हजारों में मेरा नाम नहीं है। कांग्रेस विधायकों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि विधायक के बारे में यह कहना तो गलत है। इस पर स्पीकर ने कहा कि मंत्रीजी आप बुलाइए विधायक को और चाय पिलाएं। मंत्री ने अपने साथ वाली बेंच पर ही बैठी विनेश फोगाट को चाय पर आमंत्रित किया।
थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने ज्योतिसर और किरमच गांव में खेल स्टेडियम का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार यहां स्टेडियम बनाती है तो खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। युवा भी नशे से दूर होंगे और देश के लिए खेलेंगे और पदक लाएंगे। खेल मंत्री गौरव गौतम ने साफ कहा कि सरकार के पास फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में पहले से ही बेहतरीन खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रदेश के खेल मैदानों की मजबूती के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को 114 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। दो माह में काम पूरे हो जाएंगे।