पति की प्रताड़ना से तंग महिला ने पीया तेजाब, इलाज के दौरान दो बच्चों की मां की मौत; 7 साल पहले किया था प्रेम विवाह
पानीपत की वधावाराम कॉलोनी में पति की प्रताड़ना से तंग आकर 28 वर्षीय नेहा ने तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पति गौरव पर शराब, मारपीट और दहेज के ...और पढ़ें
-1785343356045_m.webp)
पति की प्रताड़ना से तंग महिला ने पीया तेजाब। फाइल फोटो
HighLights
पति की प्रताड़ना से तंग आकर नेहा ने की आत्महत्या।
शराब, मारपीट और दहेज के लिए पति गौरव करता था परेशान।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, पानीपत। वधावाराम कालोनी में पति की प्रताड़ना से तंग आकर 28 वर्षीय विवाहिता नेहा ने तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली। नेहा दो बच्चों की मां थी। स्वजन के अनुसार नेहा ने करीब सात वर्ष पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ वधावाराम कालोनी निवासी गौरव से प्रेम विवाह किया था।
बहन सोनिया ने बताया कि शादी से पहले ही गौरव के नशे की लत के बारे में परिवार को जानकारी थी। काफी समझाने के बावजूद नेहा ने प्रेम विवाह कर लिया। शादी के कुछ समय बाद ही पति शराब के नशे में मारपीट करने लगा।
नशे की हालत में घर में ही गंदगी कर दी
नेहा की बहन सोनिया और जीजा सौरभ ने बताया कि गौरव कोई काम नहीं करता था। घर का खर्च चलाने के लिए नेहा को लोगों के घरों में झाड़ू-पोछा और बर्तन साफ करने का काम करना पड़ता था। आरोप है कि पति शराब पीने के बाद उसके साथ मारपीट करता था। स्वजनों का कहना है कि कई बार उसने नशे की हालत में घर में ही गंदगी कर दी, जिससे नेहा को अमानवीय परिस्थितियों में रहना पड़ता था।
परिवार ने कई बार उसे ससुराल छोड़ने की सलाह दी, लेकिन वह अपने बच्चों के भविष्य को देखते हुए रिश्ते को निभाने का प्रयास करती रही। जीजा सौरभ ने आरोप लगाया कि गौरव अक्सर शराब पीने और अन्य खर्चों के लिए नेहा से पैसे मांगता था। दहेज को लेकर भी उसे प्रताड़ित किया जाता था। गौरव वेल्डिंग का काम जानता था, लेकिन नशे की वजह से नियमित काम नहीं करता था।
खबरें और भी
मौत से पहले उठाया खौफनाक कदम
स्वजन का आरोप है कि लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर नेहा ने घर में रखा तेजाब पी लिया। हालांकि उन्होंने यह भी मांग की है कि पुलिस हर पहलू की निष्पक्ष जांच करे, क्योंकि यह स्पष्ट नहीं है कि उसने खुद तेजाब पिया या उसे जबरन पिलाया गया।
स्वजनों का कहना है कि ससुराल के अन्य सदस्य सहयोगी थे, लेकिन पति का व्यवहार लगातार क्रूर बना रहा। उन्होंने आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर नेहा को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।