हरियाणा में SIR में लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई, बीएलओ पर दर्ज होगा FIR
एडीसी अंकित चौकसे ने पानीपत में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ...और पढ़ें

पानीपत में मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर बीएलओ पर होगी एफआईआर।
HighLights
लापरवाह बीएलओ पर होगी सख्त कार्रवाई, एफआईआर संभव
एडीसी अंकित चौकसे ने दी चेतावनी, ढिलाई अस्वीकार्य
मतदाता सूची पुनरीक्षण में जनसहभागिता पर जोर दिया
जागरण संवाददाता, पानीपत। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में लापरवाही बरतने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आवश्यकता पड़ने पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एफआईआर तक दर्ज कराई जा सकती है। यह चेतावनी अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी।
एडीसी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसके पुनरीक्षण में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बूथवार कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से अब तक पूरी हुई मैपिंग, वितरित किए गए फार्म और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी ली।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कई मतदाता अपने पुराने पते से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं, जिससे उन्हें ढूंढना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। इस पर एडीसी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में दर्ज पते पर जाकर परिवारों से संपर्क किया जाए और उपलब्ध जानकारी के आधार पर मतदाताओं तक फार्म पहुंचाए जाएं।
अंकित चौकसे ने अभियान को सफल बनाने के लिए नगर परिषद, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य क्षेत्रीय कर्मचारियों का सहयोग लेने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सकता है। इस अवसर पर विरेंदर कुमार दहिया, सतबीर, सुधीर, नीलम कुंडू, शीतल आदि लोग मौजूद रहे।