मालगाड़ी बेपटरी होने से थमी ट्रेनों की रफ्तार, गाजियाबाद मेमू रद; आठ ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंची
आनंद विहार के पास मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के कारण पानीपत जंक्शन पर रेल यातायात प्रभावित हुआ। कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं और गाजियाबाद मे ...और पढ़ें
-1784653767141_m.webp)
मालगाड़ी बेपटरी होने से थमी ट्रेनों की रफ्तार। फाइल फोटो
HighLights
आनंद विहार के पास मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे।
पानीपत जंक्शन पर कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं।
गाजियाबाद मेमू ट्रेन रद्द, यात्रियों को हुई असुविधा।
जागरण संवाददाता, पानीपत। आनंद विहार रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतरने का असर मंगलवार को रेलवे जंक्शन तक देखने को मिला। रेल मार्ग बाधित होने के कारण दिल्ली की ओर से आने और जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। कई ट्रेनें घंटों की देरी से जंक्शन पर पहुंचीं, गाजियाबाद मेमू ट्रेन को निरस्त करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मालगाड़ी के डिब्बे बेपटरी होने के बाद रेल यातायात प्रभावित हो गया। दौलतपुर चौक-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से पानीपत पहुंची। इसके अलावा अमृतसर एक्सप्रेस और जम्मू तवी एक्सप्रेस करीब दो-दो घंटे की देरी से पहुंचीं।
इसी तरह झेलम एक्सप्रेस, नेताजी एक्सप्रेस तथा दिल्ली-कालका एक्सप्रेस लगभग एक-एक घंटे की देरी से पहुंचीं। ट्रेनें देरी से आने के चलते 90 से अधिक यात्रियों ने रिजर्वेशन निरस्त करा दिए।
जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को प्लेटफार्म पर घंटों बैठना पड़ा। गर्मी और उमस के बीच देरी से चल रही ट्रेनों को लेकर बार-बार पूछताछ केंद्र पर जानकारी लेने वालों की भीड़ लगी रही। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें रेलवे की ओर से ट्रेन की सही स्थिति की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी, जिससे उन्हें असुविधा हुई। स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र ने बताया कि कुछ गाड़ी देरी से आई है। यात्रियों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।