'आवाज निकाली तो जान से मार देंगे', पानीपत में बिजली काट फैक्ट्री में घुसे 12 बदमाश, आठ लोगों को बंधक बनाकर की डकैती
पानीपत के सुताना गांव में निर्माणाधीन कारपेट फैक्ट्री में देर रात 12 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। उन्होंने चौकीदार समेत आठ लोगों को बंधक बनाकर ...और पढ़ें

मजदूरों ने बताई आपबीती। फोटो जागरण
HighLights
12 हथियारबंद बदमाशों ने कारपेट फैक्ट्री में की डकैती।
चौकीदार समेत आठ लोगों को बंधक बनाकर पीटा गया।
20 हजार नकद, मोबाइल और कीमती सामान लूटा गया।
संवाद सहयोगी, मतलौड़ा (पानीपत)। सुताना गांव स्थित निर्माणाधीन कारपेट फैक्ट्री में सोमवार देर रात करीब दो घंटे तक हथियारबंद बदमाशों ने आतंक आतंक मचाया। करीब 12 बदमाश पहले फैक्ट्री की बिजली काटकर अंदर घुसे और चौकीदार समेत आठ लोगों को बंदूक के बल पर बंधक बना लिया।
विरोध करने पर सभी की पिटाई की गई और हाथ-पैर बांधकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाश बेखौफ होकर फैक्ट्री में लूटपाट करते रहे। बदमाश करीब 20 हजार रुपये की नकदी, आठ मोबाइल फोन, ट्रांसफार्मर की तांबे की क्वाइल, इनवर्टर तथा सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीआइए की टीमों के साथ जांच शुरू कर दी है।
माडल टाउन निवासी फैक्ट्री मालिक अनुपम गुप्ता ने पुलिस को बताया कि गांव सुताना के ऊंटला रोड स्थित उनकी निर्माणाधीन कारपेट फैक्ट्री में सोमवार रात्रि करीब एक बजे 10 से 12 हथियारबंद बदमाश घुस आए। सबसे पहले उन्होंने चौकीदार ओमप्रकाश को काबू कर लिया।
सात मजदूरों को भी बंधक बना लिया
मारपीट करने के बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर पिस्तौल तानकर फैक्ट्री में मौजूद अन्य लोगों के बारे में पूछा। चौकीदार के बताने पर ऊपर कमरे में सो रहे सात मजदूरों को भी बंधक बना लिया और उनके साथ भी मारपीट की।
खबरें और भी
वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने ट्रांसफार्मर का स्विच बंद कर पूरे परिसर की बिजली काट दी, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर कोई उन्हें पहचान न सके। इसके बाद करीब दो घंटे तक बदमाश फैक्ट्री को खंगालते रहे। वे ट्रांसफार्मर से तांबे की क्वाइल निकाल ले गए।
सुबह करीब साढ़े चार बजे किसी तरह मुक्त होने के बाद चौकीदार ने फैक्ट्री मालिक और पुलिस को सूचना दी। पीड़ितों ने बताया कि बदमाश उत्तर प्रदेश क्षेत्र की बोली बोल रहे थे।
सीसीटीवी की डीवीआर का पासवर्ड पूछा
चौकीदार ओमप्रकाश ने बताया कि सबसे पहले बदमाशों ने मुझे दबोच लिया। मुंह में पिस्तौल डालकर बोले कि अगर आवाज निकाली तो जान से मार देंगे। हाथ-पैर बांधने के बाद पूछा कि फैक्ट्री में और कौन-कौन है। मेरे बताने पर ऊपर सो रहे मजदूरों को भी बंधक बनाकर पीटा।
इसके बाद सीसीटीवी डीवीआर का पासवर्ड पूछा। जानकारी नहीं होने पर फिर मारपीट की। बदमाश बार-बार पूछ रहे थे कि क्या फैक्ट्री में रात के समय कोई महिला भी रहती है। सभी की बोली यूपी जैसी लग रही थी। जाते-जाते ट्रांसफार्मर से तांबा निकालकर ले गए और काफी सामान भी लूट लिया।
कट्टा मुंह पर लगाकर बोले- आवाज निकाली तो जान से मार देंगे: आरिफ
आरिफ ने बताया कि सोमवार रात करीब 12:50 बजे हम सो रहे थे। तभी 10-12 बदमाश ऊपर कमरे में आ गए। आते ही हथियार दिखाकर हमारे हाथ-पैर बांध दिए। बोले- चुपचाप बैठे रहो, हमारा काम पूरा होते ही चले जाएंगे। जो भी बोलने की कोशिश करता, उसे डंडों से पीटते थे।
हमारे बिस्तर की चादर फाड़कर उसी से हाथ-पैर बांध दिए। मेरे मुंह पर कट्टा लगाकर धमकी दी कि अगर किसी ने आवाज निकाली तो जान से मार देंगे। कुछ बदमाश शराब के नशे में भी थे। उनके जाने के बाद सुबह करीब चार बजे चौकीदार के फोन से मालिक को सूचना दी गई।
अब रात में काम करने की हिम्मत नहीं, सभी मजदूर डरे हुए हैं : सादाब
मजदूर सादाब ने बताया कि बदमाश हमारे मोबाइल भी छीनकर ले गए थे। बाद में ज्यादातर मोबाइल फैक्ट्री के बाहर पड़े मिले, लेकिन तीन मोबाइल अभी तक नहीं मिले। बदमाशों ने सभी को बुरी तरह पीटा। कई साथी इतने डर गए कि अपने गांव लौट गए और वहीं इलाज करा रहे हैं।
जो यहां हैं, वे भी रात में काम करने को तैयार नहीं हैं। हमने मालिक से कह दिया है कि अब सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक ही काम करेंगे। अगर ऐसा माहौल रहा तो यहां से चले जाएंगे।