पानीपत के शिव नगर में मानवता शर्मसार, प्लास्टिक के कट्टे में मिला नवजात शिशु; सिविल अस्पताल में भर्ती
पानीपत के शिव नगर में एक नवजात शिशु प्लास्टिक के कट्टे में मिला, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया है। ...और पढ़ें
-1785741078461_m.webp)
शिव नगर की गली नंबर-5 में प्लास्टिक के कट्टे में मिला था नवजात (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, पानीपत। शिव नगर की गली नंबर-5 में सोमवार सुबह प्लास्टिक के कट्टे में नवजात शिशु को छोड़ने के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक महिला बच्चे को कूड़े के पास छोड़ते हुए दिखाई दी है। फुटेज के आधार पर पुलिस महिला की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने प्लास्टिक के कट्टे में हलचल देखी। कट्टा खोलने पर अंदर दो से तीन घंटे का नवजात मिला। उसके शरीर से नाल भी अलग नहीं की गई थी।
लोगों ने तुरंत डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। बच्चे को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) और पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उसे सिविल अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक महिला नवजात को कूड़े के पास छोड़कर जाती हुई नजर आई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित महिला और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।