पानीपत में अमेरिका के स्टडी वीजा के नाम पर 35 लाख की ठगी, युवक को डंकी रूट से भेजा
पानीपत में एक युवक को स्टडी वीजा पर अमेरिका भेजने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की ठगी की गई और उसे डंकी रूट से अमेरिका भेजा गया। ...और पढ़ें

पानीपत में अमेरिका के स्टडी वीजा के नाम पर 35 लाख की ठगी (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
स्टडी वीजा के नाम पर 35 लाख की ठगी।
युवक को डंकी रूट से अमेरिका भेजा गया।
अमेरिका में डिटेंशन कैंप पहुंचा पीड़ित युवक।
जागरण संवाददाता, पानीपत। स्टडी वीजा पर अमेरिका भेजने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की ठगी और युवक को डंकी रूट से विदेश भेजने का मामला सामने आया है। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने एसपी कार्यालय की जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ कबूतरबाजी, मानव तस्करी और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में विकास नगर निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसका भतीजा पढ़ाई के लिए अमेरिका जाना चाहता था। इस दौरान उसकी मुलाकात एक ट्रैवल एजेंट से हुई, जिसने जीटी रोड स्थित गैलेक्सी टावर स्थित कार्यालय में बुलाकर अपने साथियों से मिलवाया।
आरोपितों ने दावा किया कि उनका विदेश भेजने का मजबूत नेटवर्क है और वे स्टडी वीजा पर सीधे अमेरिका भेजकर वहां काम भी दिलवा देंगे। इसके लिए 35 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायत के अनुसार, स्टडी वीजा पर भेजने के बजाय युवक को डंकी रूट से ब्राजील, बोलिविया, पेरू, कोलंबिया और मैक्सिको के रास्ते अमेरिका पहुंचाया गया। अमेरिका पहुंचते ही उसे डिटेंशन कैंप में बंद कर दिया गया। बाद में स्वजन ने लाखों रुपये खर्च कर उसे भारत वापस बुलाया।
मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कबूतरबाजी, मानव तस्करी और धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की भूमिका और ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।