CM नायब सिंह सैनी की सुरक्षा में बड़ी चूक, 1.5 KM तक अंधेरे से गुजरा काफिला; एक वीडियो ने खोली पोल
रेवाड़ी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का काफिला डेढ़ किलोमीटर तक अंधेरे में गुजरा, जिससे सुरक्षा में बड़ी चूक सामने ...और पढ़ें
HighLights
सीएम नायब सिंह सैनी का काफिला अंधेरे में गुजरा।
रेवाड़ी में डेढ़ किलोमीटर तक स्ट्रीट लाइटें बंद मिलीं।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने अधिकारियों से जवाब मांगा।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी शहर के पॉश इलाके गढ़ी बोलनी रोड पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का काफिला शनिवार की रात करीब डेढ़ किलोमीटर तक अंधेरे के बीच से गुजरा। यह सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मामला होने के साथ ही जिम्मेदारों की बड़ी लापरवाही भी है।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भी एक्शन लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
हाफ मैराथन का आयोजन हुआ
दरअसल, रविवार को रेवाड़ी में हाफ मैराथन का आयोजन हुआ था। जिसमें बतौर मुख्यातिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होने के लिए शनिवार की देर रात्रि ही रेवाड़ी शहर में पहुंच गए थे। उसके बाद वह अमंगनी सोसाइटी में रात्रि भोज पर पहुंचे।
बताया गया कि उस समय राजेश पायलट चौक से अमंगनी सोसाइटी तक सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण अंधेरा छाया हुआ था। कुछ पल के लिए तो सीएम सिक्योरिटी के अधिकारियों की भी सांसे फूल गई।
सीएम की सुरक्षा का गंभीर मामला
जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ किलोमीटर तक के सफर में सीएम के आने और जाने के दौरान अंधेरा छाया रहा। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। साथ ही जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए इसे सीएम की सुरक्षा का गंभीर मामला बताया।
स्ट्रीट लाइटें कई महीनों से खराब
बता दें कि जिस सड़क का यह वीडियो है, वहां पॉश सोसाइटी के अलावा कई सेक्टर हैं। कुछ जगह तो एक गज जगह की कीमत एक लाख रुपये तक है। इस सड़क का आधा हिस्सा नगर परिषद और आधा पीडब्ल्यूडी के अधीन है। इस सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटें कई महीनों से खराब पड़ी है।
लोगों ने शिकायत भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नगर परिषद शहर में लगी स्ट्रीट लाइटों की मेंटिनेंस पर हर साल 30 लाख रुपये से ज्यादा खर्च करती है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में दौड़ेगी पोड टैक्सी, सीएम नायब सैनी ने सुजुकी और ग्लाइडवेज के साथ की बैठक, शहरी परिवहन को मिलेगा नया आयाम
