Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा कांग्रेस में बावल सीट के लिए सात करोड़ ऐंठने का आरोप, प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव सुचित्रा देवी बर्खास्त

    Updated: Thu, 12 Mar 2026 08:38 PM (IST)

    हरियाणा कांग्रेस में बावल विधानसभा सीट के लिए टिकट के नाम पर 7 करोड़ रुपये ऐंठने का आरोप लगा है। हरियाणा महिला कांग्रेस की महासचिव सुचित्रा देवी और उन ...और पढ़ें

    हरियाणा महिला कांग्रेस की महासचिव सुचित्रा देवी को पार्टी ने निकाल भी दिया है।

    हरियाणा महिला कांग्रेस की महासचिव सुचित्रा देवी को पार्टी ने निकाल भी दिया है।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। जिले की बावल (आरक्षित) विधानसभा सीट पर कांग्रेस की टिकट के नाम पर गत विधानसभा चुनाव लड़ने की एवज में सात करोड़ रुपये ऐंठने के आरोप लगे हैं। आरोप लगाने वाली हरियाणा महिला कांग्रेस की महासचिव सुचित्रा देवी को पार्टी ने निकाल भी दिया है। सुचित्रा देवी के साथ ही उनके कारोबारी पति गौरव ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर टिकट के लिए पैसे ऐंठने के खुले आरोप लगाए थे। साथ ही दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है।

    टिकट के लिए दिए गए रुपयों का पूरा ब्योरा दर्ज

    यह मामला उस वक्त सुर्खियों में आया जब सुचित्रा देवी और उनके पति गौरव कुमार ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से वीडियो जारी कर टिकट के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठने के आरोप लगाए। दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भेजे गए पत्र में कांग्रेस नेताओं को टिकट के लिए दिए गए रुपयों का पूरा ब्योरा दर्ज है।

    हरियाणा महिला कांग्रेस की नव नियुक्त अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने सुचित्रा देवी को अनुशासनहीनता और मिथ्या आरोप लगाने का हवाला देते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। सुचित्रा देवी के मीडिया को दिए इंटरव्यू के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा था कि चुनाव होने के करीब डेढ़ साल के बाद वे अब मीडिया में आई हैं। इससे उनके आरोपों की सच्चाई का पता चलता है।

    वाट्सएप चैट समेत अन्य दस्तावेज भी भेजे 

    गौरव कुमार की ओर से दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को एफआईआर दर्ज कराने को लेकर जो शिकायत पत्र भेजा गया है, उसमें कहा गया है कि कांग्रेस के कई नामचीन नेताओं व उनके निजी सचिवों ने रेवाड़ी की बावल विधानसभा सीट से टिकट देने के नाम पर करोड़ों रुपये लिए, लेकिन फिर भी टिकट नहीं दिया। दिल्ली पुलिस कमिश्नर को वाट्सएप चैट समेत अन्य दस्तावेज भी भेजे गए हैं।

    खबरें और भी

    जिला कांग्रेस की राजनीति में तूफान

    अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के कई जिलों में टिकटों के आवंटन में भेदभाव के आरोप लगे थे। तब तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया की तबीयत भी खराब हो गई थी और उन्हें टिकट के मजबूत दावेदारों को कहना पड़ा था कि वे उन्हें टिकट नहीं दिला पा रहे हैं और लाचार हैं। सुचित्रा के पति की शिकायत पर यदि दिल्ली पुलिस मुकदमा दर्ज कर लेती है, तो कांग्रेस की राजनीति में तूफान मच सकता है।

    प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में भी थी शामिल 

    दरअसल, सुचित्रा देवी रेवाड़ी के गांव चित्ताडूंगरा की रहने वाली है। उनकी शादी करीब 15 साल पहले सोनीपत के कारोबारी गौरव के साथ हुई थी। सुचित्रा के पिता मनुराम सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर थे। वर्ष 2002 में ड्यूटी के दौरान वह बलिदानी हो गए थे। सुचित्रा लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ी रही हैं। वर्तमान में वह प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव होने के साथ ही प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में भी शामिल थी।

    यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में गोत्र पर बवाल, दूल्हे के घोड़ी चढ़ते ही बरसे ईंट-पत्थर; बावल में तनाव के चलते पुलिस फोर्स तैनात

    यह भी पढ़ें- निशुल्क राशन योजना: रेवाड़ी में ई-केवाईसी के लिए शेष हैं चंद दिन, 650 लाभार्थियों को लगा झटका

    यह भी पढ़ें- रेवाड़ी मंडी में अब इलेक्ट्रॉनिक कांटों से होगी सरसों-गेहूं की तुलाई, वजन के दौरान नहीं हो सकेगी धांधली