Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पुरानी दिल्ली जंक्शन पर की हत्या, शव ट्रेन के शौचालय में रख 90 किमी दूर रेवाड़ी पहुंचाया; 20 CCTV फुटेज से खुलासा

    Updated: Thu, 26 Feb 2026 09:10 PM (IST)

    पुरानी दिल्ली जंक्शन पर एक दोस्त ने अपने साथियों संग मिलकर दूसरे दोस्त की नुकीले हथियार से हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए पहले रेलवे लाइन पर ड ...और पढ़ें

    13 फरवरी को हुए इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए रेवाड़ी जीआरपी ने मुख्य आरोपित रंजीत और उसके साथी विनोद को गिरफ्तार किया है।

    13 फरवरी को हुए इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए रेवाड़ी जीआरपी ने मुख्य आरोपित रंजीत और उसके साथी विनोद को गिरफ्तार किया है।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। देश की राजधानी के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में से एक पुरानी दिल्ली जंक्शन पर एक शख्स की उसके ही दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर नुकीले हथियार से हत्या कर दी। इतना ही नहीं शव को ठिकाने लगाने के लिए पहले रेलवे लाइन पर डाला लेकिन पकड़े जाने के डर से कुछ मिनट बाद ही शव को उठाकर रात के अंधेरे में पैसेंजर ट्रेन के शौचालय में रख दिया।

    अलसुबह यह ट्रेन करीब 90 किलोमीटर का सफर पूरा कर रेवाड़ी जंक्शन पर पहुंच गई। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान न तो किसी यात्री को शौचालय में शव पड़ा होने का पता चला और न ही सुरक्षा के नाम पर ट्रेनों में गश्त करने वाले आरपीएफ के जवानों की नजर पड़ी।

    हत्यारोपित गिरफ्तार

    12 फरवरी की रात को हुए इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए रेवाड़ी जीआरपी ने मुख्य आरोपित रंजीत और उसके साथी विनोद को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी साहिबाबाद स्टेशन से हुई है। आरोपित रंजीत गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के आदर्श नगर और विनोद मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र के गांव गिडोह का रहने वाला है।

    सिर पर चोट के निशान मिले

    दरअसल, 13 फरवरी की सुबह दिल्ली से चलकर रेवाड़ी जंक्शन पर पहुंची पैसेंजर ट्रेन के शौचालय से 30 वर्षीय एक युवक का शव बरामद हुआ था। उसके सिर पर चोट के निशान मिले थे। उसी दिन मृतक की पहचान गाजियाबाद के नंदग्राम थाना के गांव मोहम्मदपुर के वाल्मीकि मोहल्ला के करीब 30 वर्षीय करन सिंह के रूप में हुई थी। जांच में सामने आया कि करण सिंह नौ फरवरी को घर से लापता हुआ था। जीआरपी ने हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू की।

    खबरें और भी

    20 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले

    इस हत्याकांड को सुलझना पुलिस के लिए इतना आसान नहीं था। पुलिस ने सबसे पहले रेवाड़ी से पुरानी दिल्ली के बीच पड़ने वाले तमाम स्टेशन के फुटेज खंगाले। 20 से ज्यादा फुटेज खंगाले पर पुरानी दिल्ली स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पुलिस को कुछ संदिग्ध नजर आए। उसी आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान भी कर ली। इसके बाद 25 फरवरी को साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर दबिश दी गई, जहां पुलिस ने मुख्य आरोपित रंजीत और विनोद को गिरफ्तार कर लिया।

    जुआ में रुपये हारने की रंजिश पर कत्ल

    पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रंजीत और करण सिंह दोनों दोस्त थे और जुआ खेलते थे। रंजीत जुआ में रुपये हार गया था, जिसकी वजह से वह करण सिंह से रंजिश रखता था। नौ फरवरी को रंजीत करण सिंह को घूमने के बहाने अपने साथ ले गया था। 12 फरवरी की रात पुरानी दिल्ली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन के यार्ड में करण, रंजीत, विनोद, साहिबाबाद के रहने वाले सुरेश व मेरठ के रहने वाले आयान ने साथ बैठकर शराब पी। चारों आरोपितों ने करण सिंह के सिर पर नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी।

    रात करीब 12 बजे ट्रेन में रखा शव

    जीआरपी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया की हत्या के बाद शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए रात करीब साढ़े 11 बजे पहले शव को रेल की पटरी पर रखा, लेकिन बाद में शव को प्लेटफार्म पर खड़ी रेवाड़ी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के शौचालय में रख दिया गया था। यह ट्रेन अलसुबह तीन बजकर 10 मिनट पर यह ट्रेन दिल्ली से रवाना हुई और सुबह करीब छह बजे रेवाड़ी जंक्शन पर पहुंची। थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपित रंजीत पर चोरी व छीना-झपटी के तीन मामले भी दर्ज हैं। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपितों की पुलिस तलाश कर रही है।

    यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में ट्रेन के टॉयलेट में मिला युवक का शव, हाथ पर लिखा करन सुरमा और ॐ महाकाल त्रिशूल का टैटू अंकित

    यह भी पढ़ें- रेवाड़ी: परीक्षा खराब होने पर BA की छात्रा ने दी जान, माता-पिता किसी काम से गए थे बाहर

    यह भी पढ़ें- रेवाड़ी पंचायती राज उपचुनाव: मतदाता सूची का शेड्यूल जारी, जानें पूरी प्रक्रिया

    यह भी पढ़ें- होली से पहले रेलवे की सौगात: रेवाड़ी-रींगस और जयपुर-भिवानी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ी