होटल में कौन ठहरा? राजस्थान पुलिस अब मोबाइल से रखेगी पूरा रिकॉर्ड, शुरू की ‘ई-विजिटर’ सुविधा
राजस्थान पुलिस ने राजकाप सिटीजन मोबाइल ऐप पर 'ई-विजिटर' सुविधा शुरू की है, जिससे होटल और धर्मशालाओं में ठहरने वाले आगंतुकों का विवरण अब मोबाइल से दर्ज किया जा सकेगा।

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
राजकाप ऐप पर 'ई-विजिटर' सुविधा शुरू।
होटल, धर्मशाला में आगंतुक विवरण मोबाइल से दर्ज।
अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत।
संवाद सहयोगी, भिवाड़ी (रेवाड़ी)। राजस्थान पुलिस ने तकनीकी नवाचार के तहत राजकाप सिटीजन मोबाइल एप पर ‘ई-विजिटर’ (होटल लाग-इन) सुविधा शुरू की है।
स्टेट क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो (एससीआरबी) की ओर से शुरू की गई इस सुविधा से होटल, धर्मशाला और व्यावसायिक रूप से संचालित अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले आगंतुकों का विवरण अब मोबाइल फोन से ही दर्ज किया जा सकेगा।
ऑनलाइन की परेशानी से निपटने के लिए मोबाइल आधारित सुविधा
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर शुरू की गई सुविधा का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनसुविधाजनक बनाना है।
गृह विभाग के गत छह अप्रैल के परिपत्र की पालना में इन प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले आगंतुकों का विवरण ई-विजिटर पोर्टल पर दर्ज किया जाता था। छोटे होटल और धर्मशालाओं में कंप्यूटर व अन्य संसाधनों की सीमित उपलब्धता के कारण ऑनलाइन रिकार्ड दर्ज करने में होने वाली परेशानी को देखते हुए अब मोबाइल आधारित सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
अधिकृत संचालक, मैनेजर या आपरेटर अपनी एसएसओ आइडी से राजकाप सिटीजन एप में लाग-इन कर ई-विजिटर सुविधा का उपयोग कर सकेंगे।
अपराध पर लगेगी लगाम
इसमें कमरा नंबर, चेक-इन की तारीख, आगमन व गंतव्य स्थान, यात्रा या विजिट का कारण, आगंतुक का नाम, मोबाइल नंबर, लिंग, पता, पहचान-पत्र का विवरण और उसकी प्रति तथा होटल से प्रस्थान का समय दर्ज किया जा सकेगा।
डिजिटल रिकार्ड से पुलिस को आवश्यकता के अनुसार आगंतुकों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी। इससे अपराध की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में तकनीकी मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- कर्नाटक से मालदा लाए गए 31 बांग्लादेशी घुसपैठिए, अब सीमा पार भेजने की तैयारी
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 'ऑपरेशन विस्टा' के तहत पुलिस की कार्रवाई तेज, पहाड़गंज में अवैध रूप से रह रहे दो बांग्लादेशी गिरफ्तार
