रेवाड़ी में एससी-एसटी एक्ट केस से परेशान किसान ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में 5 लोगों को ठहराया जिम्मेदार
रेवाड़ी के जखाला गांव में एक किसान ने एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। उनका शव खेत में पेड़ से लटका मिला, साथ में ...और पढ़ें

गांव जखाला में एक किसान ने एससी-एसटी का मामला दर्ज होने से आहत होकर आत्महत्या कर ली।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोसली (रेवाड़ी)। जिले के गांव जखाला में एक किसान ने एससी-एसटी का मामला दर्ज होने से आहत होकर आत्महत्या कर ली। उसका शव शुक्रवार की सुबह खेत में पेड़ पर फंदे से झूलता हुआ मिला। उसके पास से एक पेज का सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार एससी एसटी का मामला दर्ज कराने वाले व्यक्ति सहित पांच लोगों को ठहराया है। पुलिस ने पांचों नामजद के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज
दरअसल, गांव जखाला रहने वाले बलबीर व कपिल देव के परिवार के बीच करीब डेढ़ साल से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। कपिल के बेटे लव यादव के मुताबिक, 11 मार्च को उनके परिवार का बलबीर के परिवार के साथ इसी जमीन के विवाद में झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों की तरफ से कोसली थाना में शिकायत दी गई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बलबीर की शिकायत पर कपिल देव सहित उसके परिवार के पांच सदस्यों के विरुद्ध मारपीट व एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज किया था।
शाम को पता चला मुकदमे का
कपिल के बेटे लव ने अपने पिता के आत्महत्या किए जान के बाद कोसली थाना में दर्ज कराई एफआइआर के मुताबिक, झगड़े में उनकी दादी भोली देव के हाथ में चोट आई थी। उनकी तरफ से भी पुलिस को शिकायत दी थी। मामला दर्ज कराने के लिए बृहस्पतिवार को उनके पिता कपिल देव व दादी भोली देवी दोनों एसपी कार्यालय भी गए थे। शाम को आए तो पता चला कि उनके विरुद्ध मारपीट व एससी एसटी का मामला दर्ज हो गया।
पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली
इससे उनके पिता काफी परेशान हो गए और शुक्रवार की सुबह खेत में जाकर पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लव ने बताया कि उनके पिता की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार बलबीर और उसके परिवार के सूबे सिंह, जिले सिंह, दीपक व भरत को ठहराया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई यशपाल ने बताया कि लव की शिकायत पर पांचों नामजद के विरुद्ध बीएनएस की धारा 108, 3 (5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
खबरें और भी
"दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। 11 मार्च को हुए झगड़े के बाद बलबीर की शिकायत पर कपिल व उसके परिवार के सदस्यों पर बृहस्पतिवार को मामला किया है। एससी-एसटी के आरोपों की जांच की जा रही है। वहीं कपिल द्वारा आत्महत्या के मामले में भी नामजद आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है।"
-विद्यानंद, डीएसपी, कोसली।
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में गोत्र पर बवाल, दूल्हे के घोड़ी चढ़ते ही बरसे ईंट-पत्थर; बावल में तनाव के चलते पुलिस फोर्स तैनात
यह भी पढ़ें- निशुल्क राशन योजना: रेवाड़ी में ई-केवाईसी के लिए शेष हैं चंद दिन, 650 लाभार्थियों को लगा झटका