कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने 150 परिवारों को बिजली कनेक्शन देने के दिए आदेश, जमीन विवाद में SDM करेंगे जांच
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने रेवाड़ी में जनसुनवाई के दौरान सुठानी के 150 परिवारों को जल्द बिजली कनेक्शन देने के निर्देश दिए।

सुठानी के 150 परिवारों को मिलेगी राहत। (AI-Image)
HighLights
सुठानी के 150 परिवारों को मिलेगा जल्द बिजली कनेक्शन।
रुपये के लेनदेन में भुगतान न होने पर केस दर्ज होगा।
जमीन विवाद की जांच एसडीएम को सौंपी गई।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में बृहस्पतिवार को गांव सुठानी की राधा-कृष्ण कालोनी में कई माह से परेशान करीब 150 परिवारों को जल्द बिजली का कनेक्शन देने के निर्देश दिए।
बैठक में पहुंची एक दर्जन से अधिक महिलाओं की शिकायत पर सुनवाई कर केबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बावल के एक्सईएन को पीड़ितों को जल्द बिजली कनेक्शन देने के आदेश दिए। इसके अलावा प्रापर्टी आईडी से संबंधित मामले की सुनवाई करते हुए तत्कालीन चेकर-मेकर के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रुपये के लेनदेन से जुड़ा मामला क्या है?
अतिरिक्त उपायुक्त ने जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। बैठक में रुपये के लेनदेन से जुड़े एक मामले में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने निर्देश दिए कि अगली बैठक तक पीड़ित को उसकी राशि का भुगतान किया जाए। ऐसा नहीं होने पर आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जाए।
वहीं, मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए परेशान न होना पड़े। लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। बैठक में कुल 13 परिवादों की सुनवाई की गई।
इनमें चार पुराने और नौ नए मामले शामिल थे। इनमें से सात परिवादों का समाधान हुआ। शेष छह मामलों का अगली बैठक तक समाधान करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम को सौंपी जमीन विवाद की जांच
गांव बंगड़वा के कुलबीर के मामले की सुनवाई करते हुए एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए गए। कुलबीर ने बताया कि उसकी जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद पुलिस ने कथित सांठगांठ के चलते उसके विरुद्ध कब्जे की कार्रवाई कर दी।
परिवादी के अनुसार, तत्कालीन रामपुरा थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन उसे अब तक अपनी जमीन वापस नहीं मिली है। उसने जमीन पर दोबारा कब्जा दिलाने की मांग की।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से जयपुर तक सफर का घटेगा समय, 191 KM की दूरी तय कर रेवाड़ी से नीमराणा-कोटपूतली होते हुए पहुंचेंगे जयपुर
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में किसानों और मजदूरों को राहत, योजना के तहत बांटे गए 8.50 लाख के सहायता चेक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।