रेवाड़ी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो लोगों को कुचला, दोनों की मौत
रेवाड़ी में झज्जर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार किशन और नरेंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ ...और पढ़ें
HighLights
तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।
चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार, पुलिस ने मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। शहर के झज्जर रोड स्थित पुष्प वाटिका के सामने सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान राजस्थान के बहरोड़ जिला के कांकर गांव निवासी करीब 18 वर्षीय किशन और गुरुग्राम जिले के दादावास गांव निवासी करीब 50 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है।
रामायण पाठ में जा रहे थे दोनों
किशन अपने परिवार के साथ रेवाड़ी में पुष्प वाटिका के पास रहता था। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह नरेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव कांकर जा रहा था, जहां रामायण पाठ का कार्यक्रम आयोजित था।
जैसे ही दोनों पुष्प वाटिका से बाहर निकलकर झज्जर रोड पर पहुंचे, उसी दौरान झज्जर फ्लावर की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल किशन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि किशन दो भाइयों में सबसे छोटा था और वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।