पंचायतों में बंद होगा हुक्का, सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वाले समाज से होंगे बेदखल... रोहतक महापंचायत का फरमान जारी
महम में सर्व खाप महापंचायत ने सामाजिक सुधारों पर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए, जिसमें पंचायतों में हुक्का पीने पर प्रतिबंध और सोशल मीडिया पर अश्लीलता ...और पढ़ें
-1784998680277_m.webp)
हरियाणा में पंचायतों व सभाओं में हुक्के पर रोक, इंटरनेट सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वालों के बहिष्कार का आह्वान।
HighLights
पंचायतों और सार्वजनिक सभाओं में हुक्का पीने पर प्रतिबंध
सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वालों का सामाजिक बहिष्कार
29 जुलाई को पेपर लीक विरोध का समर्थन करने का निर्णय
जागरण संवाददाता, रोहतक। महम के ऐतिहासिक चौबीसी चबुतरे पर आयोजित सर्व खाप महापंचायत में सामाजिक सुधार और सांस्कृतिक मूल्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की 100 से अधिक खापों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में तीन घंटे से अधिक समय तक चली महापंचायत में पंचायतों और सार्वजनिक सभाओं में हुक्का पीने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
साथ ही इंटरनेट मीडिया पर अश्लीलता और गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के सामाजिक बहिष्कार का आह्वान किया गया। महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर बढ़ती अश्लील सामग्री और हथियारों के प्रदर्शन का युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसे रोकने के लिए समाज को एकजुट होकर आगे आने की जरूरत है।
चौबीसी खाप के प्रधान सुभाष गोयत ने कहा कि केवल खाप पंचायतें ही इस समस्या का समाधान नहीं कर सकतीं, इसलिए सरकार का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सरकार से भी संवाद किया जाएगा। बैठक में सामाजिक कुरीतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। लिव-इन रिलेशनशिप, एक गोत्र में विवाह, एक ही गांव में विवाह और मृत्यु भोज जैसी परंपराओं पर रोक लगाने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया।
खाप प्रतिनिधियों ने सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और पारंपरिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। महापंचायत में विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चलाए जा रहे अभियानों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में बढ़ती फूहड़ता और अभद्रता के खिलाफ सामूहिक प्रयास किए जाएंगे तथा ऐसे मामलों में सामाजिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
महापंचायत के अंत में समाज को संगठित रखने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक अनुशासन बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया। पंचायत में उपस्थित हरियाणवी कलाकार विकास पारासर, बाली शर्मा, मासूम शर्मा, मुस्कान, नवीन अजय हुड्डा के अलावा दर्जनों कलाकारों ने स्वीकार किया कि यह गलत है, इससे समाज में बच्चों पर गलत असर पड़ रहा है।
पंचायत में फैसला लिया गया कि 29 जुलाई को उत्तर भारत की सभी खापें जंतर मंतर पर जाकर पेपर लीक को लेकर चल रहे विरोध को समर्थन करेंगी। की। इसके लिए मुख्यमंत्री से अपील की जाएगी। प्रधान ने कहा कि ये फैसले आज से लागू कर दिए गए हैं।