रोहतक में अपहरण के 4 दिन बाद युवक की लाश नहर में मिली, विरोध में लोगों ने सड़क पर लगाया जाम
रोहतक के काठ मंडी निवासी 26 वर्षीय सुनील का अपहरण के चार दिन बाद झज्जर के बेरी हेड के पास नहर से शव बरामद हुआ। ...और पढ़ें

रोहतक में अपहरण के 4 दिन बाद युवक का शव नहर में मिला (फाइल फोटो)
HighLights
रोहतक के युवक सुनील का अपहरण कर हत्या की गई
चार दिन बाद झज्जर नहर से शव बरामद हुआ
परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जाम लगाया
जागरण संवाददाता, रोहतक। शहर के काठ मंडी निवासी 26 वर्षीय युवक सुनील के अपहरण के चार दिन बाद उसका शव झज्जर जिले के बेरी हेड के पास नहर से बरामद होने पर स्वजन और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
वीरवार दोपहर को परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर झज्जर रोड स्थित काठमंडी पुल के पास जाम लगा दिया और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा। मृतक के परिजनों के अनुसार 28 जुलाई की रात करीब एक बजे सुनील अपने दोस्तों सुमित, कौशल और सन्नी के साथ पुल के नीचे बैठा हुआ था।
इसी दौरान काले रंग की एक स्कार्पियो गाड़ी वहां पहुंची, जिसमें सवार चार-पांच युवक हथियारों के साथ नीचे उतरे। आरोप है कि आरोपितों ने मारपीट करते हुए सुनील का जबरन अपहरण कर लिया और उसे अपने साथ ले गए। घटना के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर शिवाजी कालोनी थाना में शिकायत दर्ज करवाई। वीरवार को पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि बेरी हेड के पास नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान सुनील के रूप में हुई। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।