Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिरसा से कनाडा भेजी जा रही 40 KG पोस्त एयरपोर्ट पर पकड़ी, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने युवक को दबोचा

    Updated: Sun, 31 May 2026 11:58 PM (IST)

    कालांवाली से कनाडा भेजी जा रही 40 किलो पोस्त दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ी गई, जिसके बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच ने कालांवाली से एक युवक को हिरासत में लिया। ...और पढ़ें

    दिल्ली क्राइम ब्रांच ने युवक को दबोचा। फाइल फोटो

    दिल्ली क्राइम ब्रांच ने युवक को दबोचा। फाइल फोटो


    HighLights

    1. कालांवाली से कनाडा भेजी जा रही 40 किलो पोस्त जब्त।

    2. दिल्ली क्राइम ब्रांच ने कालांवाली से युवक को हिरासत में लिया।

    3. कोरियर संचालक फरार, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, सिरसा। नशा तस्करी के एक बड़े मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने सिरसा जिले के कालांवाली क्षेत्र में शनिवार को दबिश देकर एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोप है कि कालांवाली से करीब 40 किलो डोडा चूरा पोस्त को कोरियर के माध्यम से कनाडा भेजा जा रहा था, जिसे एयरपोर्ट पर जांच के दौरान पकड़ लिया गया।

    सूत्रों के अनुसार जब्त की गई खेप को तीन से चार अलग-अलग पार्सलों में कपड़ों के बीच छिपाकर विदेश भेजने का प्रयास किया गया था। एयरपोर्ट पर संदेह होने पर सुरक्षा एजेंसियों ने पार्सलों की जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। मामले की सूचना मिलने के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कालांवाली पहुंचकर कार्रवाई की।

    जांच के दौरान टीम ने कालांवाली निवासी गुरविंद्र सिंह को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त खेप कनाडा में रह रहे उसके भाई गुरप्रीत सिंह के लिए भेजी जा रही थी। पुलिस दोनों भाइयों के बीच हुए लेन-देन, संपर्कों और संभावित नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही है।

    कोरियर संचालक के ठिकाने पर भी दी दबिश

    सूत्रों के अनुसार दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने कालांवाली की नई अनाज मंडी स्थित फूड सप्लाई कार्यालय के समीप संचालित गर्ग कोरियर के ठिकाने पर भी दबिश दी। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही संचालक सुनील गर्ग मौके से फरार हो गया। टीम ने उसके स्वजन एवं संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर सोमवार तक दिल्ली क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश होकर जांच में शामिल होने और अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।

    खबरें और भी

    पहले भी भेजी गई थी खेप या नहीं, जांच जारी

    पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि नशीले पदार्थों की यह खेप पहली बार भेजी जा रही थी या इससे पहले भी इसी प्रकार कोरियर के माध्यम से विदेशों में सप्लाई की जा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशा तस्करी के संभावित नेटवर्क को देखते हुए जांच एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली क्राइम ब्रांच अब कोरियर बुकिंग से जुड़े दस्तावेज, बैंक लेन-देन, मोबाइल काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) तथा विदेश में मौजूद संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। जांच के आगामी चरण में मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

    दिल्ली से क्राइम ब्रांच की टीम एनडीपीएस के एक मामले में जांच के लिए कालांवाली पहुंची थी। टीम द्वारा एक आराेपित को हिरासत में लिया गया है। - विजय सिंह, थाना प्रभारी कालांवाली