शिक्षा विभाग की बड़ी पहल, सिरसा में 1196 ड्रॉप आउट बच्चों को मुख्यधारा में लाने के लिए खुलेंगे 40 विशेष केंद्र
शिक्षा विभाग ने सिरसा में 1196 ड्राप आउट बच्चों को मुख्यधारा में लाने के लिए 40 विशेष केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। ...और पढ़ें
-1779950729405_m.webp)
5 जून तक आवेदन कर सकते हैं एजुकेशन वॉलंटियर (AI Generated फोटो)
HighLights
सिरसा में 1196 ड्राप आउट बच्चों को मिलेगा शिक्षा का अवसर।
7 खंडों में 40 विशेष केंद्र जुलाई 2026 से होंगे संचालित।
एजुकेशन वालंटियर के लिए 5 जून तक करें आवेदन।
जागरण संवाददाता, सिरसा। जिले के सरकारी स्कूलों से पढ़ाई-लिखाई छोड़ चुके बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए शिक्षा विभाग ने एक बेहद सराहनीय और बड़ी मुहिम शुरू की है। जिले में पहली से आठवीं कक्षा तक के कुल 1196 बच्चे ऐसे मिले हैं, जिन्होंने किन्हीं कारणों से स्कूल जाना बंद कर दिया था।
अब शिक्षा निदेशालय ने इन बच्चों की पढ़ाई दोबारा शुरू करवाने के लिए सिरसा के सात खंडों में 40 विशेष सेंटर खोलने की हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही इन केंद्रों पर बच्चों को संभालने और पढ़ाने के लिए एजुकेशन वालंटियर की नियुक्ति प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
स्लम एरिया में खुलेंगे सेंटर, 6 महीने का होगा विशेष कोर्स
शिक्षा विभाग द्वारा जनवरी 2026 में करवाए गए एक व्यापक सर्वे के दौरान इन ड्राप आउट बच्चों की पहचान की गई थी। आंकड़ों की तुलना करें तो पिछली बार सर्वे में यह संख्या 810 थी, जो इस बार बढ़कर 1196 तक पहुंच गई है। निदेशालय से मिली अनुमति के बाद विभाग इन सभी सातों खंडों के स्लम क्षेत्रों में 40 विशेष केंद्र स्थापित करने जा रहा है।
योजना का मुख्य प्रारूप
प्रत्येक सेंटर पर अधिकतम 30 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। यह केंद्र जुलाई 2026 से लेकर मार्च 2027 तक संचालित किए जाएंगे। यहां बच्चों को एक विशेष ब्रिज कोर्स करवाया जाएगा, ताकि वे अपनी आयु के अनुसार निर्धारित कक्षा के स्तर तक आ सकें। इसके बाद उन्हें सीधे उनकी उम्र के हिसाब से सरकारी स्कूलों की नियमित कक्षाओं में बैठाया जाएगा।
इन विशेष केंद्रों पर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए शिक्षा विभाग ने योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में बीएड, डीएड , स्पेशल बीएड, एचटेट और सीटेट पास आवेदकों को मौका दिया जा रहा है। विभाग की ओर से इस कार्य में महिला उम्मीदवारों को विशेष वरीयता दी जाएगी।
चयनित होने वाले प्रत्येक एजुकेशन वालंटियर को विभाग की तरफ से 10,000 रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा। उम्मीदवारों का अंतिम चयन जिला परियोजना समन्वय अधिकारी की अध्यक्षता में गठित एक विशेष कमेटी द्वारा किया जाएगा।
खबरें और भी
5 जून तक करें आवेदन, अब तक आए 38 फार्म
इस मुहिम का हिस्सा बनने के लिए इच्छुक उम्मीदवार आगामी 5 जून तक अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक कुल 38 लोगों ने इन पदों के लिए आवेदन किया है।
अधिकारियों का कहना है कि आवेदन की समयसीमा समाप्त होने के तुरंत बाद चयन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, ताकि जुलाई से इन केंद्रों को सुचारू रूप से शुरू किया जा सके और कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।