सिरसा में खाना लेकर सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने कुचला; हादसे में मौत
सिरसा में डबवाली रोड स्थित मेडिसिटी अस्पताल के बाहर सड़क पार कर रहे 33 वर्षीय संजय कुमार की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1784549123539_m.webp)
खाना लेकर सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने कुचला। सांकेतिक फोटो
HighLights
संजय कुमार की तेज रफ्तार कार से टक्कर में मौत।
मेडिसिटी अस्पताल के बाहर डबवाली रोड पर हादसा।
अज्ञात कार चालक फरार, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, सिरसा। शहर की डबवाली रोड स्थित मेडिसिटी अस्पताल के बाहर रविवार रात सड़क पार कर रहे एक युवक की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान गांव गुड़ियाखेड़ा निवासी 33 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार संजय कुमार अपनी पत्नी रेणु को उपचार के लिए मेडिसिटी अस्पताल लेकर आया था। रेणु का आपरेशन हुआ था और वह अस्पताल में भर्ती थी। रविवार रात करीब नौ बजे संजय अस्पताल से खाना लेने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान डबवाली की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रही सफेद रंग की कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक हादसे के बाद वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से संजय को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई अनिल कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
खबरें और भी
कुत्ते को रोटी खिलाते समय हुआ हादसा
घटना से जुड़ी एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आई है, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि संजय होटल से रोटी लेकर अस्पताल लौटते समय सड़क के डिवाइडर पर बैठे एक कुत्ते को रोटी खिलाने के लिए रुका था।
इसी दौरान वह डिवाइडर के नीचे खड़ा था कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आई सफेद रंग की कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार उसे कुछ दूरी तक घसीटते हुए निकल गई। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।