Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा: सिरसा में दो साल बाद HIV संक्रमितों को राहत, 1008 मरीजों के खातों में पहुंचेगी पेंशन

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 03:05 PM (IST)

    सिरसा में दो साल से लंबित एचआईवी संक्रमित मरीजों की आर्थिक सहायता के लिए 2.72 करोड़ रुपये का बजट जारी हो गया है। इससे जिले के 1008 एचआईवी संक्रमितों क ...और पढ़ें

    हरियाणा: सिरसा में दो साल बाद HIV संक्रमितों को राहत (फाइल फोटो)

    हरियाणा: सिरसा में दो साल बाद HIV संक्रमितों को राहत (फाइल फोटो)


    HighLights

    1. दो साल से लंबित एचआईवी सहायता राशि का बजट जारी

    2. सिरसा के 1008 एचआईवी मरीजों को 2.72 करोड़ मिलेंगे

    3. अगस्त 2025 तक की लंबित आर्थिक सहायता का भुगतान होगा

    सुभाष अग्निहोत्री, सिरसा। करीब दो वर्षों से आर्थिक सहायता का इंतजार कर रहे जिले के एचआइवी संक्रमित मरीजों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आई है। मुख्यालय से 2.72 करोड़ रुपए का बजट जारी होने के बाद अगस्त 2024 से लंबित पेंशन राशि का भुगतान शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

    जिले के 1008 एचआइवी संक्रमित लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बैंक को पूरी सूची भेज दी है। भुगतान होने के बाद मरीजों को अगस्त 2025 तक की लंबित आर्थिक सहायता मिल जाएगी।

    एचआइवी संक्रमित को सरकार द्वारा दी जाती है आर्थिक सहायता राशि

    जानकारी के अनुसार सरकार की ओर से एचआइवी संक्रमित प्रत्येक पात्र मरीज को प्रतिमाह 2,250 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। बजट जारी नहीं होने के कारण पिछले लगभग दो वर्षों से यह राशि लंबित थी। आर्थिक सहायता नहीं मिलने से बड़ी संख्या में मरीजों को दवा, पोषण और दैनिक जरूरतों की पूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

    पिछले दो सालों से पेंशन नहीं मिलने के कारण लगभग प्रतिदिन मरीज या उनके स्वजन कार्यालय पहुंचकर भुगतान की जानकारी लेते थे। कई मरीजों ने आर्थिक तंगी के चलते अपनी परेशानियां भी विभाग के समक्ष रखी थीं। अब बजट मिलने से लंबे समय से चली आ रही उनकी चिंता काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।

    खबरें और भी

    अगस्त 2024 से नहीं मिली थी सहायता राशि

    एचआइवी रोकथाम कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. प्रतीक गोयल ने बताया कि अगस्त 2024 से एचआइवी संक्रमितों की आर्थिक सहायता राशि लंबित थी। मुख्यालय से अब 2.72 करोड़ रुपए का बजट प्राप्त हो गया है। लाभार्थियों के बैंक खातों का विवरण संबंधित बैंक को भेज दिया गया है और राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि भुगतान पूरा होने के बाद जिले के सभी पात्र 1008 लाभार्थियों को अगस्त 2025 तक की लंबित सहायता राशि प्राप्त हो जाएगी।

    उन्होंने कहा कि सरकार की इस सहायता का उद्देश्य एचआइवी संक्रमित मरीजों को उपचार के साथ-साथ बेहतर पोषण और दैनिक जीवन की आवश्यकताओं में आर्थिक संबल प्रदान करना है। विभाग की कोशिश है कि अब भुगतान प्रक्रिया समय पर पूरी हो, ताकि भविष्य में मरीजों को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े

    मुख्यालय से 2.72 करोड़ रुपए का बजट प्राप्त हो गया है। सभी पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही लंबित भुगतान जारी कर दिया जाएगा। -डॉ. प्रतीक गोयल, नोडल अधिकारी, एचआइवी रोकथाम कार्यक्रम, सिरसा