हरियाणा: सिरसा जेल में कैदियों के बीच खूनी संघर्ष, दो घायल; पुलिस ने दर्ज किया मामला
सिरसा जिला जेल में फोन पर बात करने को लेकर हुए विवाद के बाद छह बंदियों ने एक विचाराधीन बंदी सेवा सिंह और उसके भांजे दीपक पर हमला कर दिया। ...और पढ़ें

हरियाणा: सिरसा जेल में कैदियों के बीच खूनी संघर्ष, दो घायल (File Photo)
HighLights
सिरसा जेल में विचाराधीन बंदी और भांजे पर हमला।
फोन पर बात करने को लेकर हुआ विवाद।
छह बंदियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, सिरसा। जिला जेल सिरसा में बंद एक विचाराधीन बंदी और उसके भांजे पर हमला करने का मामला सामने आया है। गांव गिदड़खेड़ा निवासी सेवा सिंह ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पानी की बारी को लेकर हुए विवाद में जिला जेल सिरसा में बंद है।
उसी मुकदमे में उसका भांजा दीपक भी जेल में बंद है। गत 15 जुलाई को दीपक जेल के टेलीफोन से अपने घर बात कर रहा था। इसी दौरान राम सिंह, जगदीप, अर्शदीप, जसनदीप, हरबिंद्र सिंह और हर्ष वहां आ गए और पहले फोन करने को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। उसने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव कराया, जिसके बाद सभी अपनी-अपनी बैरक में चले गए।
आरोप है कि 16 जुलाई की सुबह करीब नौ बजे जब वह हाथ-मुंह धोने के लिए बाहर गया हुआ था, तभी उक्त सभी आरोपितों ने उसके भांजे दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर वह दीपक को छुड़ाने पहुंचा तो एक आरोपित ने सब्जी बनाने वाले पतीले से उसके सिर पर वार कर दिया, जबकि दूसरे ने स्टील के गिलास से उसकी दाहिनी कलाई पर चोट पहुंचाई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे जेल कर्मचारियों ने दोनों को आरोपितों से छुड़ाया।
घायल सेवा सिंह को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने राम सिंह, जगदीप, अर्शदीप, जसनदीप, हरबिंद्र सिंह और हर्ष के खिलाफ मारपीट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।