सोनीपत के किसानों को बड़ी राहत, मंडी में 2.32 करोड़ से बनेगा विशाल टिन शेड; नहीं भीगेगा अनाज
सोनीपत के गोहाना की अनाज मंडी में किसानों और आढ़तियों को फसलों की सुरक्षा के लिए बड़ी राहत मिलेगी। ...और पढ़ें

गोहाना की अनाज मंडी में खुला पड़ा अनाज। जागरण
HighLights
गोहाना अनाज मंडी में नया टिन शेड बनेगा।
निर्माण पर लगभग 2.32 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
किसानों की फसलें मौसम से सुरक्षित रहेंगी।
जागरण संवाददाता, गोहाना। सोनीपत के गोहाना में जींद रोड स्थित जिले की सबसे प्रमुख अनाज मंडी में किसानों और आढ़तियों को फसलें सुरक्षित रखने के लिए राहत मिलेगी।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड अनाज मंडी में नया टिन शेड तैयार कराएगा, जिस पर लगभग 2.32 करोड़ रुपये की लागत आएगा। शेड 24 मीटर चौड़ा और 90 मीटर लंबा होगा, जिससे मंडी में फसलों को सुरक्षित रखने की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी।
लगभग पांच साल पहले मंडी में एक जर्जर टिन शेड को हटा दिया गया था। इसके बाद से ही नया शेड बनाने की मांग लगातार उठ रही थी।
किसानों को करना पड़ता है खराब मौसम का सामना
शेडों की कमी के चलते गेहूं और धान के सीजन में मौसम खराब होने पर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। वर्षा के दौरान खुले में रखी फसल को सुरक्षित रखना चुनौती बन जाता था। कई बार फसलें भीगने से नुकसान भी हो जाता था।
अब नए शेड के निर्माण होगा, जिससे फसलें सुरक्षित करने में मदद मिलेगी। गेहूं का सीजन खत्म होने के बाद बोर्ड द्वारा काम शुरू किया जाएगा। लक्ष्य रखा गया है कि धान के सीजन से पहले शेड का काम पूरा किया जाए, जिससे आगामी खरीद सत्र में किसानों को इसका लाभ मिलेगा।