Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सोनीपत के गोहाना में ट्रैफिक जाम की समस्या होगी खत्म, देवीलाल स्टेडियम में बनेगी मल्टी स्टोरी पार्किंग

    Updated: Mon, 27 Apr 2026 02:38 PM (IST)

    चौ. देवीलाल स्टेडियम में पीपीपी मोड पर मल्टी स्टोरी पार्किंग और वाणिज्यिक परिसर बनाने की योजना से गोहाना को जाम से निजात मिलेगी और नगर परिषद की आय बढ़ ...और पढ़ें

    डॉ. अरविंद शर्मा, सहकारिता मंत्री

    डॉ. अरविंद शर्मा, सहकारिता मंत्री 

    HighLights

    1. चौ. देवीलाल स्टेडियम में बनेगी मल्टी स्टोरी पार्किंग।

    2. पीपीपी मोड पर बनेगा वाणिज्यिक परिसर और पार्किंग।

    3. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने की थी प्रोजेक्ट की घोषणा।

    परमजीत सिंह, गोहाना। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए चौ. देवीलाल स्टेडियम में मल्टी स्टोरी पार्किंग और वाणिज्यिक परिसर बनाने की योजना से लोगों की काफी उम्मीदें हैं। प्रशासन ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड पर स्टेडियम में पार्किंग बनाने का खाका तैयार किया है।

    यह प्रोजेक्ट सिरे चढ़ता है तो गोहाना में काफी हद तक जाम की समस्या का समाधान होगा और नगर परिषद की आय भी बढ़ेगी। इसके साथ में काफी लोगों के लिए रोजगार का रास्ता भी खुलेगा। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस प्रोजेक्ट के लिए घोषणा की थी, जिससे इस प्रोजेक्ट के सिरे चढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है।

    पूरे गोहाना शहर में कहीं थी सार्वजनिक या निजी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। लगभग 12 किलोमीटर की परिधि में फैले शहर में बीच के हिस्से में घनी आबादी है। पार्किंग का अभाव जाम की बड़ी समस्या मुख्य कारण है। लोग अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़े कर बाजारों में खरीदारी करने चले जाते हैं। इससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और यातायात की गति धीमी पड़ जाती है। इससे शहर में बार-बार जाम भी लगता है। कई बार वाहनों के नो पार्किंग के चालान कर दिए जाते हैं।

    बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मांगे थे सुझाव

    शहर में लंबे समय से सार्वजनिक पार्किंग बनाने की मांग उठ रही है। मार्च में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना धन्यवाद एवं विकास रैली की थी। इस रैली से पहले सहकारिता मंत्री एवं गोहाना के विधायक डा. अरविंद शर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और आम लोगों से गोहाना के विकास और बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव लिए थे। तब गोहाना शहर के लिए ड्रेन आठ को कवर करने और चौ. देवीलाल स्टेडियम में बड़ी पार्किंग बनाने की मांग की थी।

    खबरें और भी

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चौ. देवीलाल स्टेडियम में पीपीपी मोड पर मल्टी स्टोरी पार्किंग और वाणिज्यिक परिसर बनाने की घोषणा की थी। अब मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर कोड लगेगा, जिसके बाद परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम शुरू होगा। शहर के बीच में मल्टी स्टोरी पार्किंग व वाणिज्य परिसर बनने से वाहनों को खड़ा करने का बड़ा प्लेटफार्म मिल सकेगा। पार्किंग स्थल के साथ ही खरीदारी और अन्य सुविधाएं मिलेंगी।

    मुख्यमंत्री की तरफ से स्वीकृति आने पर शुरू होगा काम

    मुख्यमंत्री कार्यालय के तरफ से स्वीकृति मिलने पर मल्टी स्टोरी पार्किंग व अन्य परियोजनाओं पर काम शुरू होगा। स्वीकृति के बाद ही संबंधित विभाग के अधिकारी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करके, आगे टेंडर लगाकर एजेंसी की तलाश करेंगे। मल्टी स्टोरी पार्किंग व वाणिज्य परिसर का प्रोजेक्ट काफी बड़ा है, जिससे जनसुविधाओं का बड़े स्तर पर विस्तार होगा।

    • 90 हजार आबादी है गोहाना की
    • 20 हजार से अधिक वाहन हैं शहर के लोगों के पास
    • 5 हजार से अधिक व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं गोहाना में
    • 10 हजार से अधिक लोग रोजाना शहर में आते हैं खरीदारी करने

    विकास एवं धन्यवाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जो घोषणाएं की थी उन सबको चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। सरकार भी गंभीरता से काम कर रही है। जल्द मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से स्वीकृति मिलेगी, जिसके बाद धरातल पर काम होंगे। मल्टी स्टोरी पार्किंग व वाणिज्य परिसर गोहाना के लिए अहम प्रोजेक्ट है।


    -

    - डॉ. अरविंद शर्मा, सहकारिता मंत्री