Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खेल मैदान या पार्किंग? गोहाना में CM सैनी की घोषणा पर छिड़ा 'महासंग्राम', स्टेडियम बचाने सड़कों पर उतरे लोग

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 12:15 AM (GMT+05:30)

    गोहाना में प्रस्तावित मल्टी स्टोरी मार्केट और पार्किंग योजना पर विवाद छिड़ गया है। यह परियोजना चौधरी देवीलाल स्टेडियम की जमीन पर बननी है, जिसे स्कूल क ...और पढ़ें

    दीपक गोयल, ईओ, नगर परिषद गोहाना

    दीपक गोयल, ईओ, नगर परिषद गोहाना

    HighLights

    1. गोहाना में मल्टी स्टोरी मार्केट-पार्किंग योजना पर विवाद।

    2. चौधरी देवीलाल स्टेडियम की जमीन को लेकर विरोध।

    3. शिक्षा विभाग की NOC पर टिका परियोजना का भविष्य।

    परमजीत सिंह, गोहाना। शहर में जाम की समस्या दूर करने के लिए प्रस्तावित मल्टी स्टोरी मार्केट और पार्किंग योजना को लेकर गोहाना में नई बहस छिड़ गई है। चौधरी देवीलाल स्टेडियम की करीब ढाई एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस परियोजना का पूर्व छात्रों, अभिभावकों और जन संघर्ष मंच ने विरोध शुरू कर दिया है।

    विरोध कर रहे लोगों का दावा है कि यह जमीन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान की है। शहर की पार्किंग समस्या का समाधान स्कूल के खेल मैदान को खत्म करके नहीं किया जाना चाहिए।

    स्कूल का खेल मैदान समाप्त होने से खेल, दौड़ और व्यायाम के अवसर कम होंगे। सरकार की खेलो इंडिया जैसी योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है, जबकि खेल मैदान को व्यावसायिक इस्तेमाल में लेने से इस उद्देश्य को झटका लग सकता है।

    मुख्यमंत्री ने 29 मार्च को की थी घोषणा

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 29 मार्च 2026 को गोहाना में आयोजित विकास एवं धन्यवाद रैली में मल्टी स्टोरी मार्केट और पार्किंग बनाने की घोषणा की थी। इसका प्रस्ताव शहर के लोगों की मांग पर कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने रखा था।

    मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद नगर परिषद ने परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की। परिषद की तरफ से शिक्षा विभाग से एनओसी मांगी गई है। एनओसी मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इसे पीपीपी मोड पर विकसित किए जाने का प्रस्ताव है।

    खबरें और भी

    परियोजना का उद्देश्य शहर में पार्किंग की समस्या को दूर करना है। वर्तमान में कहीं सरकारी और निजी पार्किंग नहीं होने के कारण लोग सड़क किनारे और फुटपाथ पर वाहन खड़े करते हैं, जिससे बार-बार जाम की समस्या बनती है।

    समर्थकों का तर्क

    मुख्य बाजार के प्रमुख व्यवसायी संजय मेहंदीरता ने कहा कि नगर परिषद शहर में आठ एकड़ में बलिदानी मदनलाल ढींगरा स्टेडियम तैयार करवा चुकी है, जहां पर इंडोर और आउटडोर खेलों की बेहतरीन सुविधा है।

    शहर के राजकीय स्कूल से ढींगरा स्टेडियम 100-150 मीटर दूरी पर है। देवीलाल स्टेडियम की जगह पर पार्किंग पार्किंग बनने से शहर में काफी हद तक जाम की समस्या खत्म होगी।

    लोगों को सुरक्षित पार्किंग सुविधा मिलेगी और बाजार में खरीदारी के लिए आने वालों को वाहन खड़ा करने की परेशानी नहीं होगी।

    विरोध करने वालों का सवाल

    सुनीता त्यागी, रघबीर विरोधिया, गोहाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा का कहना है कि शहर को पार्किंग की जरूरत है लेकिन इसके लिए विद्यालय का खेल मैदान खत्म करना उचित नहीं है।

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (छात्र) में लगभग 1,200 विद्यार्थी पढ़ते हैं। विद्यालय के सामने चौधरी देवीलाल स्टेडियम है, जो विद्यालय का मैदान है। खेल मैदान विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास का अहम माध्यम है।

    यह खत्म होने पर विद्यार्थियों के अभ्यास पर असर पड़ेगा। पार्किंग के लिए दूसरी जमीन तलाश की जा सकती है। मंच के प्रतिनिधियों और पूर्व छात्रों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

    स्टेडियम की जमीन विद्यालय के पास ही रखने और यहां प्रस्तावित मल्टी स्टोरी मार्केट व पार्किंग योजना को रद करने की मांग की।

    अब शिक्षा विभाग की एनओसी पर टिकी नजर

    नगर परिषद की तरफ से शिक्षा विभाग से एनओसी मांगे जाने के बाद इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। एक तरफ बाजार की पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान तलाशने की जरूरत है तो दूसरी तरफ विद्यालय के खेल मैदान को बचाने की मांग जोर पकड़ रही है। अब देखना होगा कि सरकार और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या निर्णय लेते हैं।

    चौधरी देवीलाल स्टेडियम की जमीन शिक्षा विभाग के नाम है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार यहां पर पार्किंग व मल्टी स्टोरी मार्केट बनाई जानी है। इसके लिए शिक्षा विभाग से एनओसी मांगी गई है। एनओसी मिलने पर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
    -दीपक गोयल, ईओ, नगर परिषद गोहाना