Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में कब मिलेगा बैठने का मौका? 14 स्टेशन और अधिकतम किराया 25 रुपये

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 11:19 AM (IST)

    देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में आम यात्री 18 जुलाई से जींद-सोनीपत रेलखंड पर सफर कर सकेंगे, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी आज यानी 17 जुलाई को करेंगे। ...और पढ़ें

    हाइड्रोजन ट्रेन। जागरण

    हाइड्रोजन ट्रेन। जागरण

    HighLights

    1. आम यात्रियों के लिए 18 जुलाई से शुरू होगा सफर।

    2. जींद-सोनीपत रेलखंड पर 14 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन।

    3. अधिकतम 25 रुपये किराया, हरित ऊर्जा का अनुभव मिलेगा।

    जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का नियमित सफर उद्घाटन के अगले दिन शनिवार यानी 18 जुलाई से आम यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगा।

    जींद-साेनीपत रेलखंड पर चलने वाली इस ट्रेन में यात्री पैसेंजर ट्रेनों की तरह सामान्य किराया देकर यात्रा कर सकेंगे। ये ट्रेन 14 स्टेशनों का सफर कराएगी। जींद से सोनीपत तक का अधिकतम किराया 25 रुपये रहेगा, जबकि बीच के स्टेशनों के अनुसार किराया पांच रुपये से शुरू होगा।

    ये स्टेशन भी शामिल 

    आज यानी शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जींद से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन यात्रा में ट्रेन की दो बोगियां रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञों और विशेष अतिथियों के लिए आरक्षित रहेंगी, जबकि शेष बोगियों में पांच स्टेशनों से 200-200 विद्यार्थियों सहित कुल 1000 विद्यार्थी सफर करेंगे। इनमें पांडु पिंडारा, गोहाना, लाठ, मोहाना और सोनीपत स्टेशन शामिल हैं।

    ट्रेन का संचालन 74010 और 74009 सेवाओं के रूप में होगा। नियमित संचालन के दौरान ट्रेन प्रतिदिन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वापसी में सुबह 10:30 बजे सोनीपत से चलकर दोपहर एक बजे जींद पहुंचेगी। ट्रेन की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।

    14 स्टेशनों पर होगा ठहराव

    जींद जंक्शन से रवाना होने के बाद ट्रेन जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भंभेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंदराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना, बड़वासनी होते हुए सोनीपत जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में भी सभी स्टेशनों पर इसी क्रम में ठहराव रहेगा।

    खबरें और भी

    • 18 जुलाई से आम यात्रियों के लिए नियमित संचालन शुरू
    • जींद से सोनीपत तक अधिकतम किराया सिर्फ 25 रुपये
    • 14 स्टेशनों पर ठहराव, दैनिक यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
    • ट्रेन नंबर--- 74010 / 74009
    • 89 किमी का एक तरफ का होगा सफर

    हाइड्रोजन ट्रेन के स्वागत में मंत्री ने पत्नी के साथ लगाई झाड़ू

    देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन से एक दिन पहले गुरुवार को गोहाना रेलवे जंक्शन पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने अपनी पत्नी डा. रीटा शर्मा और कार्यकर्ताओं के साथ रेलवे स्टेशन परिसर में झाडू़ लगाकर सफाई की। उन्होंने श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।

    डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में अतिथि का स्वागत सर्वोच्च परंपरा है। जिस तरह घर में विशेष अतिथि के आगमन से पहले साफ-सफाई और सजावट की जाती है, उसी भावना के साथ देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन को स्वच्छ बनाया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को ट्रेन का गोहाना पहुंचना केवल एक रेल सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हरित ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

    हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना से गोहाना को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी नई पहचान मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है।

    यह भी पढ़ें- भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन: रूट, स्पीड और खास बातें जो आपको जाननी चाहिए

    डा. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जींद से देश की पहली इको-फ्रेंडली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर जींद में इको-फ्रेंडली रैली भी आयोजित होगी।

    नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल, सचिव सुंदर शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन कृष्ण सैनी समेत भाजपा नेताओं, नगर पार्षदों और सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन परिसर में सफाई की।