सोनीपत की सीवर व्यवस्था का होगा सर्वे, खराब पाइपलाइन बदलने और नई लाइन बिछाने की तैयारी
जन स्वास्थ्य विभाग खरखौदा शहर में सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सर्वे कराएगा। इसका उद्देश्य मौजूदा स्थिति का ...और पढ़ें

जहां लाइन नहीं दबी, वहां नई पाइप लाइन बिछाने की योजना। (AI-Image)
हरीश भौरिया, सोनीपत (खरखौदा)। शहर में सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के माध्यम से शहर में सीवर लाइन की मौजूदा स्थिति का पता लगाया जाएगा।
जिन क्षेत्रों में अभी तक सीवर लाइन नहीं बिछाई गई है, वहां नई पाइप लाइन दबाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। वहीं जिन स्थानों पर पुरानी सीवर लाइन खराब हो चुकी है, वहां भी नई लाइन बिछाने की योजना बनाई जाएगी। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर विभाग आगामी कार्ययोजना तैयार करेगा।
खरखौदा शहर में वर्ष 2009 में सीवर लाइन बिछाई गई थी, लेकिन उस समय पूरा शहर सीवर व्यवस्था से नहीं जुड़ पाया था। इसके चलते कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां अभी तक सीवर लाइन नहीं पहुंची है।
कई हिस्सों में निकासी की समस्या
इसके अलावा जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाई गई थी, वहां भी कई हिस्सों में निकासी की समस्या बनी हुई है। ऐसे में शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुसार सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
मौजूदा स्थिति जानने के लिए होगा सर्वे
जन स्वास्थ्य विभाग अब शहर में सीवर व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करना चाहता है। इसके लिए संबंधित टीम विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सर्वे करेगी।
सर्वे के दौरान यह देखा जाएगा कि किन क्षेत्रों में सीवर लाइन उपलब्ध नहीं है, कहां पुरानी लाइन खराब हो चुकी है और किन हिस्सों में लाइन होने के बावजूद निकासी सुचारू नहीं है। टीम अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी।
रिपोर्ट के आधार पर बनेगी योजना
सर्वे पूरा होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर उन क्षेत्रों को चिह्नित किया जाएगा, जहां नई सीवर लाइन बिछाने या पुरानी लाइन बदलने की जरूरत है। इसके बाद विभाग की ओर से प्रस्ताव तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे शहर के उन हिस्सों को सीवर व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिलेगी, जो अब तक इससे वंचित हैं।
'शहर में सीवर व्यवस्था की मौजूदा स्थिति जानने के लिए सर्वे कराया जाएगा। इसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की योजना तैयार की जाएगी, हमारा जोर पुरानी लाइन को बेहतर तरीके से संचालित करने पर है, वहीं नई लाइन बिछाने और खराब लाइन को बदलने के काम पर भी मंथन किया जाएगा।'
-रवींद्र कुमार, जेई, जन स्वास्थ्य विभाग
यह भी पढ़ें- पिता का साया नहीं रहा, मां ने दूसरी शादी की, पेंशन को भटकता मासूम बच्चा; हरियाणा के सोनीपत का मामला
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ केस में एक और गिरफ्तारी, बैंक खाते में आ रहे थे 50 हजार; क्राइम यूनिट ने सोनीपत से दबोचा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।