Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम से बुलाकर मुरथल फ्लाईओवर के नीचे से किडनैपिंग, CP के आदेश पर 10 दिन बाद केस दर्ज

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 05:41 PM (IST)

    गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति को मुरथल फ्लाईओवर के पास से अपहरण कर फिरौती मांगी गई। मुरथल पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज न करने पर, पुलिस आयुक्त के आदेश के बा ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

    सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

    HighLights

    1. गुरुग्राम निवासी का मुरथल फ्लाईओवर से अपहरण।

    2. अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के लिए 10 लाख मांगे।

    3. पुलिस आयुक्त के आदेश पर 10 दिन बाद FIR।

    संवाद सहयोगी, राई। मरम्मत के लिए खड़ी थार गाड़ी के ठीक हो जाने की बात कहकर गुरुग्राम से बुलाए गए एक व्यक्ति ने मुरथल फ्लाईओवर के नीचे से अपहरण करने के आरोप लगाए हैं।

    देर शाम हुई घटना में अपहरणकर्ताओं ने पीड़ित को अगली सुबह तक अपने साथ गाड़ी में घुमाते रहने और फिरौती की रकम वसूलने के बाद छोड़ा। पीड़ित की शिकायत दर्ज करने से मुरथल थाना पुलिस ने मना कर दिया।

    अंत में पीड़ित ने पुलिस आयुक्त के समक्ष शिकायत की। उनके आदेश के बाद पुलिस ने 10 दिन बाद नामजद एफआइआर दर्ज की है।

    मूलरूप से बेंगलुरू के भूदेव चारण गुरुग्राम में रहते हैं। उन्होंने पुलिस में दी शिकायत में बताया है कि मरम्मत के लिए वर्कशाप में खड़ी उसकी थार के ठीक हो जाने की बात कहकर 20 जुलाई की शाम को उसे मुरथल फ्लाईओवर के पास बुलाया गया।

    हिरेंद्र ने गाड़ी में बैठाया और खाली प्लॉट में ले गया

    वहां अपनी गाड़ी के साथ खड़े हिरेंद्र नामक व्यक्ति ने उसे गाड़ी में बैठाया और वर्कशॉप जाने की बजाय मुरथल-सोनीपत रोड स्थित एक खाली प्लॉट पर ले गया, जहां हर्षवीर नामक व्यक्ति मौजूद था।

    हर्षवीर तुरंत ही गाड़ी में आ बैठा और जबरदस्ती उसकी चेन, मोबाइल, पर्स और घड़ी छीन ली। बाद में पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी देते हुए तुरंत 10 लाख रुपये देने को कहा।

    शिकायत में बताया गया है कि अपहरणकर्ता उसे कार में इधर से उधर घुमाते रहे। शिकायतकर्ता ने अपने एक दोस्त विनोद को फिरौती की रकम का इंतजाम करने को कहा।

    इस पर अपहरणकर्ताओं ने किसी अनजान व्यक्ति को बुलाया और एक कैब बुक कर उसे विनोद के बताए स्थान पर भेजा। उस व्यक्ति को भूदेव के घर की चाबी भी छीनकर दे दी गई ताकि उसकी चेकबुक उठाकर ला सके।

    देर रात लेकर लौटा रकम और चेकबुक

    देर रात वह व्यक्ति फिरौती की रकम और चेकबुक लेकर लौटा। अपहरणकर्ताओं ने उससे जबरन एक लाख 85 हजार रुपये का चेक भी भरवा लिया। इसी दौरान पीड़ित की तबीयत खराब होने पर उसे मुरथल में हाईवे पर स्थित अस्पताल से दवा भी दिलाई गई।

    खबरें और भी

    पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में पीड़ित ने यह भी बताया है कि बाद में अपहरणकर्ताओं ने उसे उसकी थार गाड़ी सौंप दी, जो गुरुग्राम लौटते हुए रास्ते में खराब हो गई। वहां से वह कैब बुक करके करीब पांच बजे सुबह अपने घर पहुंचा।

    थोड़ी ही देर बाद वह वापस लौटा और मुरथल थाने में जाकर आपबीती सुनाई और एफआइआर दर्ज करने को कहा। वहां एक पुलिसकर्मी ने मामले के मुख्य आरोपित हर्षवीर को थाने में बुलाया और बात करने के बाद सेक्टर-27 थाने में जाने को कहा गया। वहां भी उसकी एफआइआर दर्ज नहीं की गई।

    शिकायतकर्ता के अनुसार उसे महसूस हुआ कि थाने में उसके आने के बारे में कोई व्यक्ति अपहरणकर्ताओं को मैसेज दे रहा है। इस सोच के बाद मारे डर के वह वापस गुरुग्राम लौट गया और पूरे मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त से की। उनके आदेश पर केस दर्ज किया गया है।

    यह भी पढ़ें- ट्रक में लिफ्ट मांगी, फिर 12 लाख लेकर फरार; यूपी पुलिस के निलंबित सिपाही ने ही की थी ड्राइवर से लूटपाट