हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन समारोह होगा खास, PM मोदी की रैली में इन गाड़ियों को नहीं मिलेगी एंट्री; ये है तैयारी
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि 17 जुलाई को जींद में पीएम मोदी की जनसभा को पूरी तरह इको-फ्रेंडली बनाया जाएगा। ...और पढ़ें

हाइड्रोजन ट्रेन
HighLights
जींद में पीएम मोदी की जनसभा इको-फ्रेंडली होगी।
कार्यकर्ता इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों का उपयोग करेंगे।
पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया जाएगा।
संवाद सहयोगी, खरखौदा। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि 17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा को पूरी तरह इको-फ्रेंडली बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके लिए कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे रैली में पहुंचने के लिए डीजल और पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के बजाय इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ईंधन बचत का भी संदेश देगी।
खरखौदा पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत में बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में भाजपा ने भी जींद में होने वाली प्रधानमंत्री की जनसभा को इको-फ्रेंडली स्वरूप देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि गोहाना के एकलव्य स्टेडियम में सुबह नौ बजे से कार्यकर्ताओं का जुटान होगा, जहां से सभी निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
डीजल-पेट्रोल वाहनों से बचें
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे जहां तक संभव हो, इलेक्ट्रिक या सीएनजी से चलने वाले वाहनों का ही प्रयोग करें। डीजल और पेट्रोल वाहनों के उपयोग से बचने का आग्रह किया गया है।
भाजपा कार्यकर्ता इस संदेश को आमजन तक भी पहुंचाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े। बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब भी हरियाणा आते हैं, प्रदेश को विकास की नई सौगातें देकर जाते हैं। इस बार भी प्रदेश को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है।
खबरें और भी

नई सड़कों, अस्पतालों और अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 34 विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जींद पहुंचेंगे और कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
सावन माह के तहत चल रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत खरखौदा की मार्केट कमेटी परिसर में 51 पौधे भी लगाए गए। इस अवसर पर विधायक पवन खरखौदा, मार्केट कमेटी चेयरमैन आनंद दहिया, उपाध्यक्ष गुलशन ठेकेदार, नपा अध्यक्ष हीरा लाल, मंडी प्रधान नरेश दहिया, सचिव सिकंदर सांगवान मौजूद रहे।
मोदी की रैली के लिए पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
प्रधानमंत्री मोदी के हरियाणा आगमन एवं जींद में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला प्रभारी सतीश नांदल ने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों की कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में राई से विधायक कृष्णा गहलावत, खरखौदा से विधायक पवन खरखौदा, मेयर राजीव जैन, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं सभी सम्मानित पार्षदगण भी बैठक में मौजूद रहे।