पीएम-अजय योजना: कम ब्याज पर मिलेगा 6 लाख तक का लोन, ऐसे शुरू करें अपना काम; नियम और पात्रता एक क्लिक में
सोनीपत में पीएम-अजय योजना के तहत अनुसूचित जाति के परिवारों को स्वरोजगार के लिए 1 से 6 लाख रुपये तक का ऋण मिलेगा। ...और पढ़ें

HighLights
पीएम-अजय योजना में 1-6 लाख रुपये तक का ऋण।
50 हजार तक सब्सिडी, महिलाओं को 5%, पुरुषों को 6% ब्याज।
3 लाख से कम वार्षिक आय वाले SC परिवारों को लाभ।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। अनुसूचित जातियों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के अंतर्गत मंगलवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय परियोजना मूल्यांकन सह अभिसरण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद की सीईओ डॉ. अनमोल ने की। बैठक का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।
सीईओ डॉ. अनमोल ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं एवं बेरोजगार व्यक्तियों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर देना है। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों को एक से छह लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
50 हजार तक की दी जाएगी सब्सिडी
इस ऋण पर सरकार की ओर से 50 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। ऋण पर महिलाओं के लिए पांच प्रतिशत और पुरुषों के लिए छह की रियायती ब्याज दर तय की गई है।
डा. अनमोल ने बताया कि योजना का लाभ केवल उन पात्र अनुसूचित जाति के परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय तीन लाख रुपये कम है।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र व्यक्तियों को आवेदन प्रक्रिया में पूरी सहायता दी जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर अधिक से अधिक आवेदन करवाएं।
इन आय-सृजन परियोजनाओं को दी गई मंजूरी
- ड्रोन वीडियोग्राफी एवं कृषि सेवाएं, सीसीटीवी स्थापना व रखरखाव, स्मार्ट होम डेकोर और ई-रिक्शा संचालन।
- मेडिकल स्टोर, किराना, बुटीक, स्टेशनरी, कपड़ा, बर्तन, कास्मेटिक, और मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान।
- ई-रिक्शा व आटो मरम्मत, बुटीक-सिलाई केंद्र, फोटो स्टूडियो, सैलून-ब्यूटी पार्लर, फ्लेक्स प्रिंटिंग और फर्नीचर निर्माण।
बैठक में सीएमओ डॉ. अनुराधा जैन, सिंचाई विभाग के एसई मंजीत हुड्डा, अनुसूचित जाति कल्याण निगम के मैनेजर डॉ. बिजेंद्र कुमार, जिला कल्याण अधिकारी कमल कुमार, जन-स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन गौतम कुमार तथा एडीआइओ विजय बल्हारा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।