विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2014 की चर्चित 'रोहतक सिस्टर्स' के परिवार पर हमला, कुल्हाड़ी-रॉड की चोट से पिता की मौत; पुलिस जांच में जुटी

Published: Wed, 09 Sep 2026 02:29 PM (IST)

सोनीपत के खरखौदा में 2014 में चर्चित 'बहादुर बहनों' के पिता राजेश की मारपीट में गंभीर चोट लगने से गुरुग्राम के अस्पताल में मौत हो गई।

रोहतक सिस्टर्स की फाइल फोटो। पीटीआई

रोहतक सिस्टर्स की फाइल फोटो। पीटीआई

HighLights

  1. 'रोहतक सिस्टर्स' के पिता राजेश की मारपीट में गंभीर चोटों से मौत।

  2. खरखौदा में परिवार पर कुल्हाड़ी, ईंट, रॉड से जानलेवा हमला।

  3. पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, खरखौदा(सोनीपत)। सोनीपत के थाना खुर्द की दो सगी बहनों के पिता राजेश की मारपीट में लगी चोटों के चलते गुरुग्राम के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

दोनों बहनें वर्ष 2014 में रोडवेज बस में मनचलों की पिटाई करने के बाद देशभर में बहादुर बहनों के नाम से चर्चा में आई थीं। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है।

थाना खुर्द निवासी सोनिया ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका बेटा अजय और उसके जेठ का बेटा नीरज रेस्ट हाउस स्थित खेल स्टेडियम में घूमने गए थे। वहां उनकी मुलाकात सितेंद्र, शेर सिंह और मनीष से हुई।

आरोप है कि कहासुनी के बाद तीनों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और चाकू से हमला करने का प्रयास किया। दोनों किसी तरह वहां से बचकर घर पहुंचे और स्वजन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सोनिया परिवार के सदस्यों के साथ आरोपितों के घर उलाहना देने गई।

आरोपियों ने कुल्हाड़ी-ईंट, पत्थर-रॉड से की पिटाई

आरोप है कि वापस लौटते समय आरोपितों ने उनका रास्ता रोक लिया और कुलदीप, संदीप व रूप को भी बुला लिया। इसके बाद सभी ने कुल्हाड़ी, ईंट, पत्थर, राड और डंडों से परिवार पर हमला कर दिया।

हमले में राजेश के पैर में गंभीर चोट आई थी, जबकि सोनिया के पति दिलबाग सिंह के सिर में चोट लगी थी। घटना के बाद राजेश का उपचार कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहले ही शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब राजेश की मौत के बाद मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई महत्वपूर्ण हो गई है।

2014 में चर्चा में आई थीं बहनें

राजेश की बेटियां पूजा और आरती नवंबर 2014 में रोहतक से सोनीपत जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में तीन युवकों से भिड़ गई थीं।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद दोनों बहनें देशभर में रोहतक सिस्टर्स और बहादुर बहनों के नाम से चर्चित हुई थीं। बाद में इस घटना को लेकर अलग-अलग दावे और जांच सामने आने से मामला विवादों में भी रहा था।

यह भी पढ़ें- कार में बैठाकर ले गए और फिर चाकू से गोद डाला, डेढ़ महीने बाद खुला सोनीपत में दोस्त के कत्ल का राज