कार में बैठाकर ले गए और फिर चाकू से गोद डाला, डेढ़ महीने बाद खुला सोनीपत में दोस्त के कत्ल का राज
हरिद्वार यात्रा के बाद 18 हजार रुपये के विवाद में दोस्तों ने विक्की की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ...और पढ़ें

सोनीपत के गोहाना में दोस्त के कत्ल का राज खुला। फोटो: सांकेतिक
HighLights
18 हजार रुपये के विवाद में दोस्त की हत्या
मोहित और प्रीतम ने विक्की को चाकू से मारा
हत्या कर शव गोहाना की ड्रेन में फेंका गया
जागरण संवाददाता, गोहाना। हरिद्वार घूमने गए तीन दोस्तों के बीच 18 हजार रुपये गायब होने पर हुआ शक हत्या तक पहुंच गया। आरोप है कि मोहित और प्रीतम ने अपने दोस्त विक्की उर्फ ढीलू को बहाने से घर से बुलाया और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव गोहाना की ड्रेन में फेंक दिया। करीब डेढ़ माह से लापता विक्की के मामले का पुलिस ने पटाक्षेप करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
हरिद्वार से लौटने पर हुआ पैसों विवाद
इंद्रगढ़ी कालोनी निवासी विक्की उर्फ ढीलू करीब डेढ़ माह पहले गोहाना निवासी मोहित और भटगांव निवासी प्रीतम के साथ हरिद्वार घूमने गया था। तीनों दो-तीन दिन बाद गोहाना लौट आए।
पुलिस जांच के अनुसार, प्रीतम को शक था कि हरिद्वार यात्रा के दौरान विक्की ने उसके करीब 18 हजार रुपये निकाल लिए। वापस आने के बाद मोहित और प्रीतम विक्की से रुपये मांगने लगे। विक्की रुपये देने में आनाकानी करता रहा।
कार में बैठाकर विक्की को ले गए
इसके बाद दोनों दोस्त ब्रेजा कार लेकर विक्की के घर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। जांच में सामने आया कि दोनों उसे बहाने से लेकर गए थे।
पुलिस के अनुसार, तीनों ने पहले शराब का नशा किया और इसके बाद विक्की से रुपये मांगने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और चाकू से वार करके विक्की की हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद शव को गोहाना की ड्रेन में फेंक दिया गया।
दोस्तों ने महम रोड वाली बात बताई
विक्की के घर वापस नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। करीब एक सप्ताह बाद उसका मोबाइल भी बंद मिला। परिवार ने उसके दोस्तों से विक्की के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वे उसे उसी दिन महम रोड पर छोड़कर चले गए थे।
परिवार ने अपने स्तर पर भी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एक सितंबर को विक्की के चाचा संजय ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने मोहित और प्रीतम पर शक जताते हुए आरोप लगाया कि दोनों ने किसी अन्य साथी के साथ मिलकर विक्की के साथ कोई अप्रिय घटना की है।
पुलिस जांच में हत्या का खुलासा
शिकायत के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। क्राइम यूनिट गोहाना की जांच आगे बढ़ी तो विक्की की हत्या किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने मोहित और प्रीतम को गिरफ्तार कर लिया है। अब दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनकी निशानदेही पर विक्की का शव बरामद करने का प्रयास करेगी।
आज पुलिस बताएगी वारदात की पूरी कहानी
इसी मामले को लेकर आज एसीपी क्राइम जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय में पत्रकार वार्ता करेंगे। इसमें हत्या की वजह, वारदात का तरीका और पुलिस जांच में सामने आए अन्य तथ्यों की जानकारी दी जाएगी।
