सोनीपत में तीन अमृत सरोवरों का उद्घाटन, 88 लाख से अधिक की लागत से बदली सूरत
सोनीपत में 88.34 लाख रुपये की लागत से भाखरपुर, दातौली और बली कुतुबपुर गांवों के तीन अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया गया, जिससे जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा। ...और पढ़ें

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार।
HighLights
सोनीपत में तीन अमृत सरोवरों का हुआ उद्घाटन।
88.34 लाख रुपये की लागत से हुआ जीर्णोद्धार।
जल संचयन और ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नारायणगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेशभर के 325 अमृत सरोवरों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया, जिसमें सोनीपत के भी तीन तालाब शामिल हैं। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर किया गया।
लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने जिले के तीन गांवों भाखरपुर (पीर वाला तालाब), दातौली (पावर हाउस वाला तालाब) एवं बली कुतुबपुर (लाला वाला तालाब) में नवनिर्मित व सुसज्जित अमृत सरोवरों का विधिवत उद्घाटन किया। इन तीनों अमृत सरोवरों के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण पर 88.34 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर ग्रामीण विकास और जल संचयन को एक नई दिशा मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा सरकार पारंपरिक तालाबों को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में अब तक 604 अमृत सरोवरों का निर्माण एवं पुनर्जीवन किया जा चुका है। हरियाणा में लगभग 19 हजार तालाब हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में तालाबों को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है।
प्रथम चरण में 2200 तालाबों के जीर्णोद्धार का लक्ष्य निर्धारित
सरकार ने प्रथम चरण में 2200 तालाबों के जीर्णोद्धार का लक्ष्य निर्धारित किया है। पहले पान्ड अथारिटी का कार्य सिंचाई और पंचायत विभाग के बीच बंटा हुआ था, जिससे कार्यों में देरी होती थी। अब मुख्यमंत्री ने यह पूरा कार्य पंचायत विभाग को सौंप दिया है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है।
खबरें और भी
उन्होंने सोनीपत के प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों, बीडीपीओ, सीईओ और पंचायती राज विभाग के इंजीनियरों को सख्त निर्देश दिए कि वे तालाबों से संबंधित सभी तकनीकी प्रक्रियाओं और स्वीकृतियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे।
सुंदरीकरण के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे तालाब
मंत्री ने स्पष्ट किया कि इन अमृत सरोवरों का केवल बाहरी सुंदरीकरण ही नहीं किया जा रहा, बल्कि इन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। जिले के इन तालाबों में डी-सिल्टिंग (गाद निकालना), रिटेनिंग वाल (सुरक्षा दीवार), पेविंग ब्लाक, पैदल पथ (वाकिंग ट्रैक), स्ट्रीट लाइट, पौधारोपण और ग्रामीणों के बैठने के लिए बेंच जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
इसके अलावा, मनरेगा के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गांवों का दूषित पानी इन सरोवरों में प्रवेश न करे, जिससे पानी की गुणवत्ता और स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत हरियाणा देश में सबसे अधिक 400 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने वाला अग्रणी राज्य है, जिसका सीधा लाभ ग्रामीण श्रमिकों को मिल रहा है।
यह रहे मौजूद
इस दौरान मेयर राजीव जैन, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, उपायुक्त नेहा सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, वरिष्ठ नेता प्रदीप सांगवान, माईराम कौशिक, आजाद नेहरा, राजबीर दहिया, जिला परिषद की सीईओ डा. अनमोल, एसीपी राजदीप मोर, डीडीपीओ मनीष मलिक व विकास एवं पंचायत विभाग के कार्यकारी अभियंता कुलबीर फोगाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व नागरिक मौजूद रहे।