सोनीपत में न्यायालय से लौट रहे दो भाइयों पर हमला, डंडों से पीटकर किया घायल
खरखौदा न्यायालय से पेशी के बाद लौट रहे फरमाना गांव के दो भाइयों अनुज और रोहित पर कुछ युवकों ने लकड़ी के डंडों से हमला कर घायल कर दिया। ...और पढ़ें

दो सगे भाइयों पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया।
HighLights
न्यायालय से लौट रहे दो भाइयों पर हमला हुआ।
लकड़ी के डंडों से पीटकर दोनों को घायल किया गया।
हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
संवाद सहयोगी, खरखौदा। न्यायालय खरखौदा से पेशी के बाद लौट रहे दो सगे भाइयों पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने लकड़ी के डंडों से मारपीट कर दोनों को घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव फरमाना निवासी दो सगे भाई अनुज व रोहित सोमवार सुबह एक पुराने आपराधिक मामले में निर्धारित तारीख पर पेशी के लिए खरखौदा न्यायालय पहुंचे थे। न्यायिक अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण दोनों ने अपनी हाजिरी दर्ज कराई और पैदल बस अड्डे की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान सरकारी स्कूल के पास एक कार में सवार होकर आए 4-5 युवकों ने दोनों भाइयों को रोक लिया और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों के सिर पर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर कार में सवार होकर फरार हो गए।
राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल हमलावरों की पहचान और धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है।