सोनीपत: घर में खड़ी Skoda Slavia का यमुनानगर में कट गया टोल टैक्स, मोबाइल पर मैसेज देख मालिक के उड़े होश
सोनीपत के गोहाना में महेंद्र मलिक की कार घर पर खड़ी थी, लेकिन यमुनानगर में उसी नंबर का टोल कट गया। यह दूसरी बार हुआ है, जिससे नंबर प्लेट के गलत इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
-1787460091468_m.webp)
घर में खड़ी कार का कट गया टोल। जागरण
HighLights
गोहाना में खड़ी कार का यमुनानगर में कटा टोल टैक्स।
मालिक महेंद्र मलिक की कार का दूसरी बार हुआ ऐसा।
नंबर प्लेट के गलत इस्तेमाल की आशंका, जांच की मांग।
जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। सोनीपत में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शेर सिंह पब्लिक स्कूल के एमडी महेंद्र मलिक की कार गोहाना स्थित उनके घर पर खड़ी थी, जबकि उसी कार का टोल टैक्स यमुनानगर में कट गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम को मोबाइल पर टोल कटने का मैसेज आया तो वे हैरान रह गए। उनके साथ ऐसा दूसरी बार हुआ है।

महेंद्र मलिक का सोनीपत रोड स्थित स्कूल परिसर में ही आवास है। शनिवार शाम 7:21 बजे वे अपने घर पर थे और उनकी कार भी वहीं खड़ी थी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनकी कार का टोल टैक्स यमुनानगर में जगाधरी के पास मिल्कमाजरा टोल प्लाजा पर कट गया है।
घर में खड़ी थी कार
यह टोल प्लाजा एनएच-344 पर स्थित है। मलिक की कार का नंबर एचआर-15ए-0001 है। उनका कहना है कि जब कार गोहाना में उनके घर पर खड़ी थी तो यमुनानगर में उसी नंबर का टोल कैसे कट गया। उन्हें आशंका है कि किसी अन्य कार पर उनकी गाड़ी का नंबर लगाया गया है और उसी से टोल पार किया जा रहा है।
चार माह पहले भी हो चुका ऐसा
महेंद्र मलिक के अनुसार, चार-पांच माह पहले भी उनकी कार का टोल इसी तरह कट चुका है। उस समय भी कार उनके पास ही थी। दोबारा ऐसी घटना होने पर उन्होंने टोल से जुड़े सहायता नंबरों पर शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें- 60 की स्पीड से दौड़ती गाड़ी का भी बिना रुके कटेगा टोल, कीरतपुर-मनाली हाईवे पर ANPR तकनीक देगी जाम से छुटकारा
उन्होंने कार घर पर खड़ी होने के बावजूद दूसरे स्थान पर टोल कटने से नंबर प्लेट के गलत इस्तेमाल की आशंका व्यक्त की। मलिक ने जांच कर वाहन का पता लगाने और उनके वाहन नंबर के दुरुपयोग को रोकने की मांग की।
