विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में तड़के 4 बजे घर-घर पहुंचेगी बिजली विभाग की टीम, ठंड में हीटर-रॉड चलाने वाले हो जाएं सावधान

Published: Tue, 27 Oct 2026 11:12 AM (IST)

बिजली निगम ने सोनीपत में सर्दियों में बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान छेड़ा है। तड़के 4 से 7 ...और पढ़ें

सोनीपत में मीटर बाईपास या सीधे तार से हीटर चलाया तो होगी एफआईआर। जागरण

सोनीपत में मीटर बाईपास या सीधे तार से हीटर चलाया तो होगी एफआईआर। जागरण

HighLights

  1. सर्दियों में बिजली चोरी रोकने को अभियान शुरू।

  2. तड़के 4 से 7 बजे तक औचक निरीक्षण होगा।

  3. मीटर बाईपास पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बिजली चोरी की रोकथाम और राजस्व घाटे को पाटने के लिए बिजली निगम सख्त हो गया है। निगम अब मोटे बिजली बिल से बचने के लिए सीधे तार डालकर या मीटर से छेड़छाड़ कर हीटर और वाटर हीटिंग राड चलाने वालों पर नकेल कसने की तैयारी में है।

इसके लिए निगम ने व्यापक रणनीति बनाई है, जिसके तहत तड़के के समय विशेष चोरी रोको अभियान चलाकर औचक छापेमारी की जाएगी।

बिजली निगम ने सोनीपत शहर से लेकर उप-मंडलों और ग्रामीण क्षेत्र तक निगरानी बढ़ाने के लिए एसडीओ स्तर पर करीब 15 विशेष जांच टीमें गठित की हैं। इन टीमों में संबंधित उप-मंडल अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता (जेई), तकनीकी कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी शामिल रहेंगे।

अभियान के तहत तड़के चार से सात बजे के बीच औचक निरीक्षण किया जाएगा। निगम का मानना है कि सुबह के समय लोग गर्म पानी के लिए भारी खपत वाली पानी की राड व गीजर चलाते हैं और बिल के डर से कई उपभोक्ता सीधी चोरी करते हैं।

तड़के के समय मीटर व लोड की होगी तकनीकी जांच

निगम की टीमें संदिग्ध फीडरों और ट्रांसफार्मरों से जुड़े क्षेत्रों में सुबह के समय लोड मानिटरिंग करेंगी। जिस क्षेत्र में सामान्य से अत्यधिक लोड दर्ज होगा, वहां तुरंत घर-घर जाकर मीटरों, सर्विस केबलों और बिजली उपकरणों की तकनीकी जांच की जाएगी।

यदि कोई उपभोक्ता मीटर बाईपास, सीधे तार लगाकर या मीटर में किसी उपकरण की मदद से छेड़छाड़ करता पाया गया, तो मौके पर ही वीडियोग्राफी कर चोरी का केस दर्ज किया जाएगा।

जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

सर्दियों के दौरान घरेलू लोड अचानक बढ़ जाता है। कुछ उपभोक्ता बिजली के बिल से बचने के लिए अनुचित साधनों का उपयोग करते हैं, जिससे ईमानदार उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या झेलनी पड़ती है, साथ ही ट्रांसफार्मर जलने का खतरा भी बढ़ जाता है। यदि कोई चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा जाता है तो जुर्माने के साथ मुकदमा दर्ज भी कराया जाएगा।

बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तड़के के समय विशेष जांच अभियान चलाने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। चोरी पकड़े जाने पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि बिजली अधिनियम के तहत संबंधित थाने में एफआइआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-मनिंदर कादियान, एसई, बिजली निगम, सोनीपत

यह भी पढ़ें- सोनीपत में कई दिनों से बत्ती गुल, राम नगर के लोगों का गुस्सा फूटा; निवासियों ने लगाया सड़क पर जाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।