नालों की सफाई न होने से खेतों में भरा दूषित पानी, गन्नौर में किसानों की महीनों की मेहनत हो सकती है बेकार
गन्नौर के बलि कुतुबपुर गांव में नालों की सफाई न होने से खेतों में दूषित पानी भर गया है। इससे किसानों की फसलें, खासकर गेहूं और सब्जियां, खराब हो रही है ...और पढ़ें

खेतों में भरा नाले का पानी। जागरण
HighLights
बलि कुतुबपुर में नालों की सफाई न होने से जलभराव।
दूषित पानी से गेहूं, सब्जियों की फसलें हो रही खराब।
किसानों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।
संवाद सहयोगी, गन्नौर। सोनीपत के गन्नौर के गांव बलि कुतुबपुर में जलभराव की समस्या ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गांव के नालों की लंबे समय से सफाई न होने के कारण वे ओवरफ्लो हो रहे हैं, जिससे दूषित पानी आसपास के खेतों में भर गया है।
इस कारण फसलों को भारी नुकसान हो रहा है और किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। किसान ऋषि, रणबीर, राजेंद्र, लीला, विनोद व रामेहर ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
नालों में गंदगी व कचरे का अंबार लगा होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। बारिश या पानी का बहाव बढ़ते ही नाले उफान पर आ जाते हैं और गंदा पानी खेतों में भर जाता है।
दूषित पानी खेतों में भर रहा
किसानों के अनुसार नालों के ओवरफ्लो होने से दूषित पानी खेतों में भर रहा है, जिससे फसलें सड़ने लगी हैं और उत्पादन पर सीधा असर पड़ रहा है।
गेहूं और सब्जियों की फसल विशेष रूप से प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नालों की शीघ्र सफाई कराकर जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इस समस्या से राहत मिल सके।