Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सोनीपत निगम चुनाव: शहर में कम तो गांव में अधिक वोटिंग, 48% मतदान के साथ EVM में दिग्गजों की किस्मत बंद

    Updated: Mon, 11 May 2026 01:44 PM (IST)

    सोनीपत नगर निगम चुनाव में इस बार केवल 48 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2020 के चुनाव से काफी कम है। शहरी क्षेत्रों में उदासीनता और गर्मी के कारण कम वोटिंग हुई ...और पढ़ें

    बूथ पर वोट देने के लिए लगी लंबी लाइन। फोटो: जागरण

    बूथ पर वोट देने के लिए लगी लंबी लाइन। फोटो: जागरण

    HighLights

    1. सोनीपत नगर निगम चुनाव में 48% मतदान दर्ज किया गया

    2. शहरी क्षेत्रों में कम, ग्रामीण इलाकों में बंपर वोटिंग हुई

    3. फर्जी मतदान के आरोप और ईवीएम खराबी की घटनाएं

    जागरण संवाददाता, सोनीपत। नगर निगम चुनाव में शहरी वोटरों की उदासीनता के कारण कम मतदान हुआ। रविवार देर रात तक मतदान का आंकड़ा बदलता रहा। देर रात जारी आंकड़ों के अनुसार 48 प्रतिशत हुआ मतदान हुआ।

    वर्ष 2020 में हुए नगर निगम चुनाव में 58.8 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि पिछले साल हुए उपचुनाव में 28.8 प्रतिशत हुआ था। मतदान कम होने के कई कारण रहे। जिला प्रशासन की ओर से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता का अभाव दिखा।

    वहीं, वीकेंड पर दो दिन की छुट्टी व गर्मी भी मतदान कम होने के कारणों में शामिल रहे। शहरी की घनी आबादी वाले बूथों पर वोटर कम निकल। गर्मी को देखते हुए सुबह से बूथों पर लाइनें लग गई, दोपहर और शाम को शहरी के बूथ खाली रहे।

    Sonipat Voting 1

    ग्रामीण क्षेत्रों में रिकाॅर्ड तोड़ वोटिंग 

    ग्रामीण क्षेत्रों के बूथाें पर रिकाॅर्ड तोड़ वोटिंग हुईं। मालवीय स्कूल और माडल टाउन के बूथ पर दो जगह ईवीएम की खराबी के कारण मतदान देर से शुरू हुआ। वहीं सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे, कई पार्टिंयां गश्त करती रहीं।

    देर रात तक कर्मचारी व अधिकारी मोहाना स्थित स्ट्राॅन्ग रूम में ईवीएम जमा कराने में व्यस्त रहे। ईवीएम को स्ट्राॅन्ग रूम में जमा करने के बाद सील कर दिया गया। यहां पर थ्री लेयर की सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। 24 घंटे वीडियोग्राफी व सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।

    मेयर पद के लिए भाजपा के राजीव जैन, कांग्रेस के कमल दिवान व इनेलो के आनंद खत्री समेत नौ प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है, जबकि 22 वार्डों में पार्षद के लिए 89 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है।

    खबरें और भी

    13 मई को होगी मतगणना

    13 मई को मोहाना स्थित बिट्स काॅलेज में मतगणना शुरू होगी। उसी दिन तय हो जाएगा कि शहर का मेयर कौन होगा और पार्षद के रूप में निगम हाउस में कौन-कौन जाएंगे। पार्षद के लिए इस बार सबसे अधिक चर्चा वार्ड-आठ की रही।

    यहां पर भाजपा प्रत्याशी कुणाल कौशिक के सामने कांग्रेस के पवन सरोहा व निर्दलीय पुनीत त्यागी के अलावा निर्दलीय सचिन चुनौती दे रहे थे। सबसे अधिक मतदान इस वार्ड के तीनों गांवोंं जाट जोशी, लिवान व राई में दर्ज किया गया।

    वहीं पाश एरिया माने जाने वाले वार्ड-12 में सबसे कम वोटिंग ने सभी को चौंकाया। कई बूथों पर मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें नजर नहीं आईं और मतदान कर्मी अधिकतर समय खाली बैठे दिखाई दिए।

    चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और पूरे दिन अधिकारी मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए रहे।

    Sonipat Voting 2

    वार्ड-17 के बूथ नंबर 165 पर फर्जी वोटिंग के आरोप

    वार्ड नंबर-17 के बूथ नंबर 165 पर फर्जी मतदान के आरोप लगे। दो महिलाओं समेत तीन मतदाताओं ने आरोप लगाया कि जब वे वोट डालने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनका वोट डाला जा चुका है।

    मतदाता नीरज ने बताया कि वह दो बार मतदान केंद्र पहुंचे, लेकिन दोनों बार उन्हें वोट नहीं डालने दिया गया। वहीं ममता और विमला ने भी आरोप लगाया कि उनकी जानकारी के बिना किसी अन्य व्यक्ति ने उनके वोट डाल दिए। उन्होंने जांच की मांग की है।

    जिला निर्वाचन अधिकारी नहीं डाल पाई वोट

    जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला उपायुक्त नेहा सिंह रविवार को नगर निगम चुनाव मेंं अपना वोट नहीं डाल पाईं। उनका वोट गुजरात के भरूच मेंं है। पिछले दिनों ही वे सोनीपत डीसी के रूप में नियुक्त हुई हैं। ऐसे में वे अपना वाेट शिफ्ट नहीं करवा पाई।

    उनके साथ मेयर चुनाव के लिए नियुक्त आरओ एडीसी अजय चोपड़ा, एआरओ सुरेंद्र दून भी वोट नहीं डाल पाए। अजय चोपड़ा का वोट रोहतक तो सुरेंद्र दून का वोट दिल्ली मेंं है। उनके साथ ही सीटीएम सिमरन भी अपने मत का प्रयोग नहीं कर पाईं, उनका वोट भी दूसरी जगह से शिफ्ट नहीं हो पाया।

    महिलाओं ने घूंघट की ओट से की वोट की चोट

    नगर निगम चुनाव मेंं 13 गांवों में महिलाओं ने मतदान में जमकर भागीदारी की। महिलाएं घूंघट परंपरा का निर्वहन करते हुए पोलिंग सेंटरों पर पहुंची। वहां लाइन में लगकर महिलाओं ने मतदान करते हुए अपना फर्ज निभाया।

    महिलाएं सुबह से ही घर का दैनिक कार्य निपटाते हुए दोपहर में पैदल ही मतदान केंद्रों पर पहुंची और अपना वोट डाला। महिलाओं ने बताया कि गांव के बड़े-बुजुर्ग मतदान केंद्रों पर मौजूद थे, ऐसे में उन्होंने अपनी परंपरा के साथ अपने दायित्व को निभाया है।

    धूप से बचाव के नहीं थे इंतजाम

    शहर व गांवों के कई बूथों पर मतदाताओं को धूप से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। ग्रामीण क्षेत्र के बूथों पर मतदाताओं ने धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। वहीं जीवीएम कन्या कॉलेज में मतदाताओं की लंबी लाइनें लगी थीं और वोटरों के लिए पंखे तक की व्यवस्था नहीं थी। बाद में काॅलेज प्रबंधन ने पंखे लगवाए।

    सबसे ज्यादा मतदान

    • वार्ड 8 - 68.55 प्रतिशत
    • वार्ड 7 - 53.04 प्रतिशत
    • वार्ड 1 - 49.02 प्रतिशत

    सबसे कम मतदान

    • वार्ड 12 - 31.98 प्रतिशत
    • वार्ड 4 - 32.43 प्रतिशत
    • वार्ड 18 - 33.62 प्रतिशत

    निगम चुनाव से जुड़े आंकड़े 

    • कुल मतदाता- 2,96,045
    • पुरुष मतदाता- 1,53,380
    • महिला मतदाता- 1,42,658
    • अन्य मतदाता- 07

    यह भी पढ़ें- सोनीपत निकाय चुनाव: युवाओं में दिखा पहले मतदान का जबरदस्त जुनून, कोटा-नोएडा से पहुंचे वोट डालने