Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नगर निगम चुनाव: सोनीपत में थमा प्रचार, अब घर-घर जाकर मांगेंगे वोट; 22 वार्डों में दांव पर दिग्गजों की साख

    Updated: Sat, 09 May 2026 08:59 AM (IST)

    सोनीपत नगर निगम चुनाव का प्रचार शुक्रवार शाम को थम गया, जिसमें भाजपा और कांग्रेस सहित सभी दलों ने अंतिम दिन पूरी ताकत झोंकी। 10 मई को होने वाले मतदान ...और पढ़ें

    प्रचार केअंतिम दिन भाजपा की ओर से रैली निकाली गई। फोटो: जागरण

    प्रचार केअंतिम दिन भाजपा की ओर से रैली निकाली गई। फोटो: जागरण

    HighLights

    1. शुक्रवार शाम को सोनीपत निकाय चुनाव प्रचार समाप्त

    2. भाजपा-कांग्रेस ने अंतिम दिन पूरी ताकत झोंकी

    3. 10 मई मतदान हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    जागरण संवाददाता, सोनीपत। नगर निगम चुनाव को लेकर शुक्रवार शाम को प्रचार का शोर थम गया। दिनभर भाजपा और कांग्रेस के साथ अन्य दलों के प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। शाम पांच तक राजीव जैन ने दर्जनभर सभाएं करने के बाद दोपहर में पूरे शहर में बाइक रैली निकाली।

    इस दौरान उनके साथ विधायक निखिल मदान भी मौजूद रहे। रैली पूरे शहर में घूमने के बाद निखिल मदान के ऑफिस पर जाकर खत्म हुई। वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने निगम क्षेत्र में कई सभाएं कर लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की।

    पांच बजे गाड़ियाें व लाउडस्पीकर से प्रचार बंद हो गया। इसके बाद प्रत्याशियों ने डोर टू डोर जाकर वोट मांगे। वहीं, शनिवार को मोहाना स्थित बिट्स कालेज से पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया जाएगा।

    10 मई को होगा मतदान, तैयारियां पूरीं 

    जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार की जनसभा, रैली या लाउडस्पीकर के प्रयोग की अनुमति नहीं है। आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।

    10 मई को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं व चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

    खबरें और भी

    उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

    विवरण संख्या
    कुल वार्ड 22
    कुल वोटर 2,96,045
    पुरुष वोटर 1,53,380
    महिला वोटर 1,42,658
    अन्य वोटर 07
    कुल मतदान केंद्र 264

    मतदान केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी

    जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मतदान केन्द्र पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

    इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस बल एवं चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय एवं असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

    sonipat nigam election

    राजीव जैन ने शहर में निकाली बाइक रैली

    भाजपा युवा मोर्चा की ओर से निगम चुनावों में मेयर प्रत्याशी राजीव जैन व 22 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में बाइक रैली निकाली। रैली में पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, विधायक देवेंद्र कादियान, विधायक निखिल मदान, ललित बत्रा, बिजेंद्र मलिक, तरुण देवीदास, राजकुमार कटारिया, दिव्यांक जैन, सुरेंद्र मदान, संजय ठेकेदार, नीरज सोनी, गौरव भोला मौजूद रहे।

    रैली शहर के अग्रसेन चौक से शुरू हुई। यह रैली मुरथल अड्डा, बस अड्डा, गीता भवन चौक, पुरखास अड्डा, अंडरब्रिज हनुमान चौक, ककरोई रोड, फ्लाईओवर, मिशन चौक, काठ मंडी, विश्वकर्मा चौक, श्रीखाटू श्याम मंदिर, परशुराम चौक, ओल्ड डीसी रोड, सुभाष चौक, रेलवे रोड, झंडी रोड, सिक्का कालोनी व विवेकानंद चौक से गुजरी।

    राजीव जैन ने कहा कि जनता पर मुझे पूरा भरोसा है, इसलिए एक बार फिर से कमल खिलेगा। ट्रिपल इंजन की सरकार तीन गुना तेज गति से काम करेगी। वे पिछले 40 सालों से लोगों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं। मेयर बनते ही जनता के सहयोग से और जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकास किया जाएगा। 

    निगमों में हुआ जमकर भ्रष्टाचार : दीपेंद्र हुड्डा

    हरियाणा निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी कमल दिवान और विभिन्न वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभा की। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा का अहंकार सातवें आसमान पर है और निगमों में भ्रष्टाचार खुलकर हो रहा है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि इस भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करें।

    दीपेंद्र हुड्डा ने विभिन्न शहरों के घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के मेयर प्रत्याशी का नाम खजूर घोटाले में आया, लेकिन कोई जांच नहीं हुई। उन्होंने रोहतक के 300 करोड़ के अमृत घोटाले, फरीदाबाद के 200 करोड़ के बिना काम वाले भुगतान और पंचकूला के 160 करोड़ के बैंक घोटाले का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार घोटालों को रोकने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है।

    sonipat nigam election 2

    उन्होंने कहा कि आज सड़कें टूटी हैं, सीवरेज जाम हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। भाजपा ने महिलाओं को 2100 रुपये, बुजुर्गों को 6000 रुपये पेंशन और 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। इसके विपरीत, चुनाव के बाद गरीब जनता के राशन कार्ड और पेंशन काट दी गई।

    जनसभा के दौरान विधायक गीता भुक्कल, बीबी बतरा, चंद्रप्रकाश जांगड़ा, इंदुराज नरवाल, जस्सी पेटवाड़, गोकुल सेतिया, पूर्व विधायक जगबीर सिंह मलिक, जयवीर बाल्मीकि, सुरेन्द्र पंवार व पदम सिंह दहिया व अन्य मौजूद रहे।

    संवेदनशील बूथों पर रहेगी विशेष चौकसी

    रविवार को होने वाले नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित करवाने के लिए सोनीपत पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की और चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

    पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाएं। विशेष रूप से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

    sonipat nigam election 3

    उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, हुड़दंग करने या कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

    पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने अधिकारियों को इंटरनेट मीडिया माॅनिटरिंग प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भ्रामक सूचनाओं को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही क्राइम यूनिट्स को अवैध शराब की तस्करी और संदिग्ध नकदी की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। 

    यह भी पढ़ें- सोनीपत समाधान शिविर : आरटीई के तहत दाखिले से इनकार करने वाले स्कूलों पर गिरेगी गाज