स्कूल में 5 साल के मासूम से हैवानियत! संचालक की पत्नी ने पीटा, पीठ पर मिले चोट के निशान
सोनीपत के ककरोई स्थित एक निजी स्कूल में नर्सरी के पांच वर्षीय छात्र से मारपीट का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

नर्सरी के बच्चे को पीटा, पीठ पर चोट के निशान। जागरण
HighLights
ककरोई के निजी स्कूल में नर्सरी छात्र से मारपीट हुई।
मां ने स्कूल संचालक की पत्नी पर मारपीट का आरोप।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। ककरोई स्थित एक निजी स्कूल में नर्सरी के पांच वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बच्चे की मां वंदना ने स्कूल संचालक की पत्नी के खिलाफ सदर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव भदाना की रहने वाली वंदना ने आरोप लगाया कि स्कूल संचालक की पत्नी ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि बच्चे की पीठ पर चोट और पिटाई के निशान हैं। इसके अलावा उसकी कमर, मुंह और कान पर घूंसे व थप्पड़ मारे गए।
'बच्चे के एडमिशन के समय ही दी थी जानकारी'
बच्चे के स्कूल में दाखिले के समय ही उन्होंने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों को स्पष्ट रूप से बताया था कि बच्चे को चिकित्सकीय समस्या है और उसके साथ किसी भी प्रकार की मारपीट न की जाए। इसके बावजूद बच्चे के साथ मारपीट की गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अभिभावक बच्चे को जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्होंने सदर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
निजी स्कूल में बच्चे के साथ मारपीट की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-सुखबीर, थाना प्रभारी, सदर थाना, सोनीपत