बावरिया धाम के पास प्लॉट पर कब्जे का प्रयास, चारदीवारी और कमरे को दो बार तोड़ा; भूमाफिया पर धमकी का आरोप
राई के बावरिया धाम के पास एक प्लाट पर कब्जा करने और निर्माण तोड़ने का मामला सामने आया है, जिसमें भूमाफिया पर धमकी देने का आरोप है और एफआईआर दर्ज की गई ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
राई में प्लाट पर कब्जा, निर्माण तोड़कर धमकी दी गई।
पीड़ित सुनील ने भूमाफिया के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई।
कुमासपुर में निर्माणाधीन साइट से लाखों का सरिया चोरी हुआ।
संवाद सहयोगी, राई। बावरिया धाम के पास एक प्लाट पर कब्जा किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। प्लाट पर बनाए गए कमरे और चारदीवारी को तोड़कर कब्जा किए जाने की शिकायत मुरथल थाना पुलिस में की गई है।
पीड़ित ने भूमाफिया पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के आधार पर एफआइआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बहादुरगढ़ के आदर्श नगर के रहने वाले सुनील ने पुलिस में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने बावरिया धाम के पास आरके कालोनी में एक साल पहले सौ वर्ग गज के प्लाटों का जोड़ा खरीदा था।
सभी जरूरी दस्तावेज उसके पास
इस दो सौ वर्ग गज के प्लॉट के सभी जरूरी दस्तावेज भी उसके पास हैं। इस प्लाट पर चारदीवारी करने और एक कमरा बनाने के बाद उसने बिजली का कनेक्शन भी अपने नाम से ले रखा है।
बीस दिन पहले मुरथल के रहने वाले दो भाईयों सुमित और अमित तथा दीपांशु और बारोटा के रहने वाले जगमोहन और दिल्ली के ढांसा के प्रवीन ने जालसाजी करते हुए नकली दस्तावेज तैयार करवाकर प्लाट की चारदीवारी और कमरा तोड़ डाले तथा बिजली की फिटिंग भी उखाड़ फेंकी।
शिकायत में आगे बताया है कि इस घटना का पता लगने के बाद उसने दो लाख रुपये लगाकर दोबारा से चारदीवारी करवाकर कमरा बनवा दिया। नवनिर्माण होने के बाद 26 जुलाई को भूमाफिया ने फिर से उसे तोड़ डाला। जब पीड़ित उनसे बात करने गया तो उन्होंने धमकाते हुए कहा कि प्लाट तो तुम्हारे हाथ से गया ही अब जान भी जाएगी।
खबरें और भी
निर्माण स्थल से लाखों का सरिया चोरी
कुमासपुर गांव के निकट सवाना ग्रीन में निर्माणाधीन भवन के परिसर में रखा लाखों रुपये मूल्य का सरिया चोरी हो गया। इस संबंध निर्माण ठेकेदार ने बहालगढ थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस द्वारा इस संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।
नांदनौर के रहने वाले निर्माण ठेकेदार ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि सवाना ग्रीन में वह तीन प्लाटों पर भवनों का निर्माण करवा रहा है। साइट पर तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य का सरिया पड़ा हुआ था।
रात के समय अज्ञात व्यक्ति सरिया को उठा ले गए। शिकायत में यह भी बताया गया है कि सवाना ग्रीन प्रबंधन की तरफ से और स्वयं उसकी तरफ से साइट पर किसी सुरक्षा गार्ड को तैनात नहीं किया गया था। शिकायतकर्ता ने चोर की तलाश कर चोरीशुदा माल वापस दिलाने की बात भी भी लिखी है।