ज्वैलर्स की आंख में मिर्च झोंककर लूटने वाले चारों बदमाश गिरफ्तार, सोनीपत पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दबोचा
खरखौदा (सोनीपत) में ज्वैलर्स की दुकान पर मिर्च झोंककर लूट करने वाले चारों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम यूनिट ने मुठभेड़ के बाद तीन ...और पढ़ें

क्राइम यूनिट खरखौदा की टीम ने कुछ घंटों में ही सुलझाते हुए तीन बदमाशों को काबू कर उनके पास हथियार बरामद किया। जागरण
HighLights
खरखौदा ज्वैलर्स लूट: सेल्समैन की आंखों में मिर्च झोंककर वारदात।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को किया काबू।
एक बदमाश को लोगों ने पहले ही पकड़कर पुलिस को सौंपा।
जागरण संवाददाता, खरखौदा (सोनीपत)। शहर की रतन मार्केट में एक ज्वैलर्स से दिन में हुई सेल्समैन की आंखों में मिर्च झोंक कर चांदी की चेन व ब्रेसलेट लूट की घटना को क्राइम यूनिट खरखौदा की टीम ने कुछ घंटों में ही सुलझाते हुए तीन बदमाशों को काबू कर लिया।
शहर के रोहतक व छिन्नौली मार्ग के बीच एनसीआर वाटर चैनल के किनारे हुई मुठभेड़ के बाद तीनों बदमाश काबू किए गए हैं, जबकि एक को दिन में ही लोगों ने पीछा कर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। वहीं, खरखौदा पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान के सेल्समैन भोला की शिकायत पर चारों के खिलाफ लूट का केस भी दर्ज किया है।
चेन व ब्रेसलेट लेकर भाग गए
शहर के वार्ड नौ निवासी शिव शंकर ने शहर की रतन मार्केट में सांवरियां ज्वैलर्स के नाम से दुकान की हुई है। शनिवार को वह अपनी दुकान के बाहर खड़े थे, जबकि बरोणा गांव का रहने वाला सेल्समैन भोला दुकान के अंदर था।
करीब दस बजे दो युवक दुकान पर पहुंचे और चांदी की एक चेन व ब्रेसलेट दिखाने की बात कही, सेल्समैन ने काउंटर पर रखे बाक्स पर कई चेन व ब्रेसलेट रख दिए। इसी बीच मौका मिलते ही एक युवक ने सेल्समैन की आंखों में मिर्च रगड़ी और दूसरे ने बाॅक्स में रखी चेन व ब्रेसलेट उठाई और भाग गए।
खबरें और भी
लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया
सेल्समैन शोर मचाते हुए उनके पीछे भागा। शोर सुनकर दुकान मालिक व आसपास के दुकानदार भी लुटेरों के पीछे भागे, लेकिन एक लुटेरा पहले से खड़ी कार में बैठ कर अपने साथियों के साथ फरार हो गया जबकि दूसरे लुटेरे को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। जिसने अपनी पहचान जागसी के रहने वाले पवन के रूप में दी।
वहीं, फरार होने वालों की पहचान जागसी के ही सागर, बरोणा के अनुज व लक्ष्य के रूप में दी थी। आरोपित पवन को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चारों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया है। लूट की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई।
कुछ घंटों के बाद फरार लूटेरे भी काबू
लूट की वारदात के बाद खरखौदा पुलिस के साथ ही क्राइम यूनिट खरखौदा की टीम भी क्षेत्र में लूटेरों की तलाश कर रही थी। क्राइम यूनिट, खरखौदा प्रभारी दीपक गुलिया को लूटेरों के एनसीआर वाटर चेनल नहर किनारे होने का इनपुट मिला। टीम ने वहां पर पहुंचकर जैसे ही लूटेरों को पकड़ने का प्रयास किया तो एक लूटेरे सागर ने टीम पर गोली चला दी।
एक के बाद एक तीन गोलियां चलाने पर टीम की जवाबी कार्रवाई में सागर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद सागर सहित उसके दो अन्य साथी बरोणा के अनुज व लक्ष्य को भी टीम ने काबू में कर लिया। घायल बदमाश सागर को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। सूचना पाकर डीसीपी नरेंद्र कादियान, एसीपी खरखौदा जोगिंद्र शर्मा व थाना प्रभारी अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे।
सेल्फ ड्राइव पर कार लेकर दिया वारदात को अंजाम
डीसीपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि सागर ने कई दिनों की रेकी करने के बाद इस वारदात को अपने साथियों के साथ अंजाम दिया है। उसने जागसी से ही कई दिन पहले कार को किराये पर लिया और उसके बाद अन्य जगहों पर भी वारदातों को अंजाम दिया है, जिसका पता लगाया जा रहा है। सागर पर इससे पहले भी लूट, डकैती, छीना झपटी व चोरी के केस सोनीपत, करनाल सहित उत्तर प्रदेश में भी दर्ज हैं।
"क्राइम यूनिट, खरखौदा की टीम ने दिन में हुई लूट की वारदात में मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को पकड़ा है। एक बदमाश को दिन में ही पकड़ लिया गया था। कुछ ही घंटों में पुलिस ने लूट की वारदात के अन्य आरोपितों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।"
-नरेंद्र कादियान, डीसीपी, सोनीपत।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में हर 18 बच्चों में एक थैलेसीमिया कैरियर, क्या आप जानते हैं यह बीमारी कैसे फैलती है?