विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करवाचौथ-दिवाली पर सोनीपत पुलिस की तैयारी, शॉपिंग पर जाने से पहले जान लें नियम; गलत पार्किंग पर सख्त एक्शन

Published: Thu, 29 Oct 2026 09:26 AM (IST)

पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने सोनीपत में त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

सोनीपत में करवाचौथ और दिवाली को लेकर पुलिस अलर्ट।

सोनीपत में करवाचौथ और दिवाली को लेकर पुलिस अलर्ट।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। करवाचौथ और दीपावली पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी की है। बाजारों और मंदिरों में वर्दी के साथ सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

वहीं, कच्चे क्वार्टर मार्केट में निर्धारित पार्किंग के बजाय सड़क और प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने बुधवार को मिनी सचिवालय में आयोजित क्राइम रिव्यू मीटिंग में अधिकारियों को त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

भीड़भाड़ वाले जगहों पर सुरक्षा के प्रबंध

पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों, मंदिरों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। महिलाओं की सुरक्षा के साथ जेबकतरी, चोरी और छीनाझपटी जैसी वारदातों को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए।

वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के अलावा सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस बाजारों के प्रवेश और निकास मार्गों सहित संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी रखेगी।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।

कच्चे क्वार्टर में पार्किंग को लेकर सख्ती

कच्चे क्वार्टर मार्केट में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त ने दुकानदारों और आम लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाजार के रास्तों और प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़े करने से जाम लगता है और पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की स्थिति न बनने दें और एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा नहीं आने दें।

फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के भी निर्देश

बैठक में पुलिस आयुक्त ने जिले में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों और वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास करने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए।

संगीन अपराधों में त्वरित कार्रवाई के साथ कानूनी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी करने को कहा गया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त, नाकाबंदी और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए। आदतन अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखने के साथ आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें- सोनीपत में वातावरण को स्वच्छ रखने का पूरा खाका तैयार, नगर निगम ने शुरू किया अभियान

यह भी पढ़ें- सोनीपत में तड़के 4 बजे घर-घर पहुंचेगी बिजली विभाग की टीम, ठंड में हीटर-रॉड चलाने वाले हो जाएं सावधान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।