सोनीपत में बिजली कटौती से भड़के लोग, प्रदर्शन के दौरान पार्षद ने जड़ा थप्पड़
सोनीपत के रामनगर में तीन दिन से बिजली कटौती से परेशान लोगों ने जाम लगाया, जहां एक पार्षद ने युवती को थप्पड़ मार दिया। मेयर और बिजली अधिकारियों के हस्त ...और पढ़ें

प्रदर्शन पर बैठे लोग। जागरण
HighLights
रामनगर में तीन दिन से बिजली कटौती से लोग परेशान।
प्रदर्शन के दौरान पार्षद ने एक युवती को थप्पड़ मारा।
मेयर के आश्वासन पर तीन घंटे बाद जाम खोला गया।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। रामनगर व आस-पास के क्षेत्र में तीन दिन से लग रहे बिजली कटों से परेशान लोगों ने शुक्रवार सुबह सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर वार्ड पार्षद सुनीता भी पहुंच गई।
इस दौरान एक युवती से जाम लगाने को लेकर हुई बहस में पार्षद ने युवती को थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद हंगामा बढ़ गया। पुलिस बल ने मौके पर बीच-बचाव किया और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
सूचना के बाद पहुंचे मेयर राजीव जैन व बिजली निगम के अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब तीन घंटे तक लगे जाम के दौरान वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बढ़ रही बिजली की खपत
उमस और गर्मी के बीच बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। मौजूदा समय में चरमराई बिजली आपूर्ति व्यवस्था ने लोगों को परेशान कर दिया है। रात के समय अघोषित बिजली कट और बार-बार फॉल्ट आने से लोग परेशान हो चुके हैं।
रामनगर व आस-पास के क्षेत्र में तीन दिन से लंबे-लंबे कट लग रहे हैं। क्षेत्र में बिजली व पानी का संकट गहरा गया है। लोगों ने इस संबंध में बिजली निगम को कई बार शिकायत की, कोई समाधान नहीं हो पाया।
खबरें और भी
शनिवार सुबह करीब आठ बजे सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में रामनगर व विशाल नगर के लोगों ने जाम लगा दिया। रोषित लोगों का आरोप है कि कई दिनों से बिजली आपूर्ति ठीक ढंग से नहीं आ रही।
फ्यूज उड़ने की शिकायत के लंबे समय बाद कर्मी आता है और ठीक कर चला जाता है। कर्मी के जाने के कुछ ही देर बाद फिर फ्यूज उड़ जाते हैं।
क्षेत्र की गलियों में खतरनाक तरीके से तार लटके हुए हैं। उन्होंने लोड के हिसाब से नए ट्रांसफार्मर और खंभे लगाने की मांग की है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
मेयर के आश्वासन के बाद खोला जाम
सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में क्षेत्रवासियों ने तीन घंटे तक जाम लगाए रखा। मेयर राजीव जैन मौके पर पहुंचे तो लोगों ने अपनी समस्या रखी। मेयर ने बिजली निगम के अधिकारियों को बुलाया और क्षतिग्रस्त तारों को बदलने और ट्रांसफार्मरों की ठीक ढंग से रिपेयरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रांसफार्मरों के उड़े फ्यूज को भी ठीक करने के निर्देश दिए। जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और लोगों ने सूरी पेट्रोल पंप वाली गली से जाम को खोल दिया, इसके बाद ही वाहन चालकों को राहत की सांस ली।
बिजली कट से जनता परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन
सरस्वती विहार के लोगो ने जिला पार्षद संजय बड़वासनिया के नेतृत्व में बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। संजय बड़वासनिया ने कहा कि भारी-भरकम बिजली बिल चुकाने के बावजूद लोगों को नियमित बिजली नहीं मिल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि जर्जर तार, कम वोल्टेज और लगातार कटौती से लोग परेशान हैं, जबकि बिल जमा नहीं करने पर तुरंत कनेक्शन काट दिया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना सुविधा दिए बिल वसूली के लिए दबाव बनाया तो इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने बिजली आपूर्ति में भेदभाव का आरोप लगाते हुए समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।
रात में ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से लोग बेहाल
गन्नौर में तीन दिनों से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। रात को लोड बढ़ते ही बार-बार ट्रिपिंग होने लगी, कई कालोनियों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। जिन क्षेत्रों में बिजली आई, वहां लो वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर और अन्य उपकरण ठीक से नहीं चल सके। उमस भरी गर्मी के बीच लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कई स्थानों पर वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे बेहद धीमी गति से चलते हैं। इससे लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है।
शहर में चरमराई बिजली आपूर्ति व्यवस्था, अघोषित कटौती से लोग परेशान
खरखौदा में दिन हो या रात, बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली गुल होने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी रात के समय लगने वाले लंबे कटों से हो रही है, जिससे लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही। विभिन्न क्षेत्रों में कभी बिजली लाइनों में फाल्ट तो कभी 33 केवी सब स्टेशन में तकनीकी खराबी के कारण पूरे शहर की बिजली बंद कर दी जाती है। जैसे ही बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है तो अचानक से लोड अपनी पीक पर पहुंच जाता है, जिससे लाइनों में अचानक फाल्ट भी बढ़ जाते हैं। लोग कई दिन से इस प्रकार की समस्या का सामना कर रहे हैं।
सोमवार को डीसी से मिलेंगे ग्रामीण
सबौली गांव में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों में नाराजगी है। गांव के सरपंच सुनील कटारिया ने बताया कि गांव की जमीन पर पावर हाउस होने के बावजूद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं है। सरपंच ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो ग्रामीण कुंडली सब-स्टेशन कार्यालय के बाहर धरना देंगे। साथ ही सोमवार को उपायुक्त (डीसी) से मिलकर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराएंगे।
इन नंबरों पर करें शिकायत
| क्र.सं. | हेल्पलाइन नंबर | सुविधा / विवरण |
|---|---|---|
| 1 | 1912 | सामान्य शिकायत |
| 2 | 98159-61912 | व्हाट्सएप चेट बाक्स |
| 3 | 99902-31912 | बिजली सप्लाई न होने पर रजिस्टर्ड मोबाइल से मिस काल करें |
| 4 | 93156-09731 | बिजली सुविधा केंद्र, सोनीपत |
| 5 | 93156-09739 | बिजली सुविधा केंद्र, सोनीपत |
| 6 | 93156-09740 | बिजली सुविधा केंद्र, सोनीपत |
| 7 | 93551-71621 | बिजली सुविधा केंद्र, सोनीपत |
उमस और गर्मी बढ़ने से बिजली लोड अधिक हो जाता है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोटेशन में बिजली आपूर्ति दी जा रही है। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, शिकायत मिलते ही फाल्ट को दूर करने का प्रयास किया जाता है। शिकायत केंद्र के नंबरों को भी बढ़ा दिया गया है।
-रणबीर देशवाल, एक्सईएन, बिजली निगम