रोडवेज कर्मचारियों का बढ़ेगा आंदोलन, 25 जुलाई को परिवहन मंत्री का आवास घेराव
सोनीपत में हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। कर्मचारी 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास का ...और पढ़ें

परिवहन मंत्री का करेंगे घेराव। जागरण
जागरण संवाददाता, सोनीपत। साझा मोर्चा, सोनीपत के बैनर तले हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। सोनीपत डिपो में आयोजित बैठक में कर्मचारियों ने 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास का घेराव करने का निर्णय लिया है।
बैठक में कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार रोडवेज कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। कर्मचारी संगठनों के साथ हुई सहमति के बावजूद सरकार मांगों को लागू करने में टालमटोल कर रही है।
साथ ही निजीकरण और किलोमीटर स्कीम की बसों को बढ़ावा देकर रोडवेज व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। साझा मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक सरकार मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा।
क्या है मांग?
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास के घेराव में सोनीपत डिपो के कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे और प्रदर्शन को सफल बनाएंगे।
कर्मचारियों ने मांग की है कि पिछले तीन वर्षों से लंबित रात्रि भत्ते (नाइट अलाउंस) का भुगतान किया जाए। चालक और परिचालकों की वेतन विसंगतियां दूर की जाएं। पदोन्नति (प्रमोशन) की प्रक्रिया समय पर शुरू की जाए।
वर्ष 2016 में नियुक्त चालकों को नियमित (पक्का) किया जाए। कर्मचारियों के अर्जित अवकाश में कटौती पर रोक लगाई जाए। बैठक में मनजीत पहल, वीरेंद्र संगरोहा, संजीव, रामपत गोरड़, रविंद्र कादियान, संदीप मलिक, राकेश दहिया, अनिल बड़ौली और संदीप सहित अन्य मौजूद रहे।